
पौड़ी। उत्तराखंड के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, ग्रामीण निर्माण, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने मंगलवार को पौड़ी जिले के बीरोंखाल विकासखंड में कई विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने पिछले पांच वर्षों में अनेक ऐतिहासिक और जनहित से जुड़े कार्य किए हैं।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क निर्माण का शुभारंभ
‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान और सेवा पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में मंत्री सतपाल महाराज ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 4.04 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले खलधार-ठंगा मोटर मार्ग का भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
इसके अलावा 44 लाख रुपये की लागत से डुलमोट, चंदेली, कदोला, तैलीपखोली और जाखणी ग्राम सभाओं में पंचायत भवनों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। इस तरह क्षेत्र को कुल 4.48 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात मिली।
राज्य सरकार की उपलब्धियों का किया उल्लेख
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जहां समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की गई है। उन्होंने सख्त नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा विरोधी कानून, भू-कानून, महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और ‘लखपति दीदी’ जैसी योजनाओं को प्रदेश सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया।
नई सड़क परियोजनाओं को मिली मंजूरी
मंत्री ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 10 किलोमीटर लंबे उफरैखाल-भत्पो-बूंगीधार-कमलिया वल्ला मोटर मार्ग को स्वीकृति मिल चुकी है। इसके साथ ही सरायखेत-जोगीमणी मोटर मार्ग से कमलिया पल्ला तक वन भूमि से जुड़ी बाधाओं को दूर कर जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
जनता की समस्याएं सुनीं, कार्यकर्ताओं को किया संबोधित
कार्यक्रम के दौरान मंत्री सतपाल महाराज ने क्षेत्रीय लोगों की समस्याएं सुनीं और चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने भाजपा मंडल कार्यकर्ता सम्मेलन में भी हिस्सा लिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड लगातार विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।



