
सितारगंज। राज्य सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” कार्यक्रम के तहत महाराजा अग्रसेन ट्रस्ट, सितारगंज में सेवा सप्ताह शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने की। इस दौरान विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर पिछले पांच वर्षों की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई।
जनता तक योजनाओं की सीधी पहुंच सरकार की प्राथमिकता
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि सेवा सप्ताह शिविर राज्य सरकार की उस सोच का प्रतीक है, जिसमें जनता तक योजनाओं की सीधी पहुंच, समस्याओं का शीघ्र समाधान और सुशासन को प्राथमिकता दी गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास और जनसेवा का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है, ताकि प्रत्येक नागरिक को सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।
28 विभागों ने लगाए स्टॉल, दी योजनाओं की जानकारी
सेवा सप्ताह शिविर में कुल 28 विभागों ने प्रतिभाग किया। इनमें ग्राम्य विकास विभाग, पंचायतीराज विभाग, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, जल निगम एवं जल संस्थान, शिक्षा विभाग, समाज कल्याण विभाग, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य विभाग, महिला सशक्तिकरण विभाग, पशुपालन विभाग, वन विभाग, उद्योग विभाग, उद्यान विभाग, मत्स्य विभाग, बाल विकास विभाग और भूमि संरक्षण विभाग सहित अन्य विभाग शामिल रहे।
सभी विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने स्टॉल के माध्यम से सरकारी योजनाओं, उपलब्धियों और सेवाओं की जानकारी लोगों को उपलब्ध कराई।
43 शिकायतें दर्ज, 15 का मौके पर हुआ समाधान
शिविर का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सेवाओं को सीधे जनता तक पहुंचाना तथा स्थानीय स्तर पर जनसमस्याओं का समाधान करना रहा।
इस दौरान आमजन की शिकायतों को भी सुना गया। शिविर में कुल 43 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 15 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष शिकायतों को जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया।
यह पहल सरकार की जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मोर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, राज्य दर्जा मंत्री उत्तम दत्ता, हज कमेटी अध्यक्ष खतीब अहमद, ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल, नगर पालिका अध्यक्ष सुखदेव सिंह, जिला पंचायत सदस्य सूरज नारायण, मंडल अध्यक्ष जानकी कोहली और प्रधान संघ अध्यक्ष रेशम सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
वहीं शिविर में नोडल अधिकारी एवं उपजिलाधिकारी तुषार सैनी, सहायक नोडल अधिकारी सी.आर. आर्य, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वीकेश कुमार सिंह यादव, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी आशुतोष जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



