
रुद्रपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में सांसद अजय भट्ट ने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में गंभीरता बरतते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।
सांसद ने कहा कि अधिकारी जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं को धरातल पर उतारें, ताकि आम जनता को उनका लाभ समय पर मिल सके।
मरीजों की सुविधाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
बैठक में ईएसआईसी चिकित्सालय के डॉक्टरों द्वारा मरीजों के प्रति लापरवाही बरतने की शिकायत पर सांसद ने नाराजगी जताई। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी और मुख्य चिकित्साधिकारी को चिकित्सालय का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। यदि किसी अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सक या उपकरण उपलब्ध नहीं हैं तो मरीजों को समय रहते उच्च चिकित्सा केंद्रों के लिए रेफर किया जाए। मरीजों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
विद्युत विभाग से मांगा जवाब
सांसद अजय भट्ट ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंताओं द्वारा समिति की बैठक आयोजित नहीं किए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने जिलाधिकारी को संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेने और केंद्र सरकार की योजनाओं से जुड़े कार्यों की जांच कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने रुद्रपुर और काशीपुर विद्युत डिविजन में चल रहे कार्यों का विस्तृत विवरण उपलब्ध कराने को भी कहा।
जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए सांसद ने पेयजल निगम और जल संस्थान के अधिकारियों को पाइप लाइनों में होने वाली लीकेज की शिकायतों का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी अपील की कि जहां कहीं पेयजल लाइनों में लीकेज की समस्या हो, उसकी सूची जिलाधिकारी को उपलब्ध कराएं, ताकि संबंधित विभाग जल्द कार्रवाई कर सके।
सांसद ने कहा कि पेयजल योजनाओं के अधूरे कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए। लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भुगतान रोकने के निर्देश भी दिए गए। वहीं जल संस्थान के अधिकारियों ने बताया कि पेयजल संबंधी शिकायतों के लिए टोल फ्री नंबर 18001804100 पर संपर्क किया जा सकता है।
सड़क और आधारभूत सुविधाओं पर भी हुई चर्चा
सांसद ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को नैनीताल हाईवे पर डीडी चौक से परशुराम चौक के बीच फुटओवर ब्रिज निर्माण तथा हल्द्वानी रोड स्थित टांडा रेंज रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश दिए।
उन्होंने बाजपुर में लेवड़ा नदी पर निर्माणाधीन पुल का कार्य जल्द पूरा करने को कहा। इसके अलावा किच्छा में विश्वविद्यालय भवन निर्माण के लिए 38 एकड़ भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव भेजे जाने की जानकारी भी बैठक में दी गई।
विभिन्न योजनाओं की हुई समीक्षा
बैठक में सांसद ने संजय वन सौंदर्यीकरण, मनरेगा, एनआरएलएम, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, प्रधानमंत्री सड़क योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय कृषि योजनाओं, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान सम्मान निधि, रुद्रपुर सर्किट हाउस, मेडिकल कॉलेज, किच्छा एम्स, जिला चिकित्सालय, अमृत योजना, अमृत सरोवर, एकीकृत बाल विकास कार्यक्रम, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम, पीएम पोषण योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, समग्र शिक्षा अभियान, सांसद निधि, पीएम उज्ज्वला योजना-3.0, जनमन योजना, आकांक्षी जनपद एवं ब्लॉक तथा पंतनगर एयरपोर्ट सहित कई योजनाओं की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि सभी क्षेत्रों का संतुलित और सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को मिलकर कार्य करना होगा।
अधिकारियों को दिए समन्वय के साथ काम करने के निर्देश
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने सभी अधिकारियों को सांसद द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को भी कहा।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, विधायक शिव अरोरा, आदेश सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, पूर्व दर्जा मंत्री मुकेश कुमार, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, नगर पालिका गदरपुर के चेयरमैन मनोज गुम्बर सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



