उत्तराखंडराज्य

चंपावत सरस कॉर्बेट महोत्सव 2026: सांस्कृतिक धरोहर और पर्यटन का संगम

चंपावत। जनपद चंपावत की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक कला और पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से बुधवार को ‘चंपावत सरस कॉर्बेट महोत्सव–2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से महोत्सव का उद्घाटन किया।

टनकपुर स्थित केंद्रीय जल आयोग कार्यालय के निकट मैदान में पारंपरिक स्वागत, दीप प्रज्वलन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ सात दिवसीय महोत्सव की औपचारिक शुरुआत हुई। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

राज्य-स्तरीय सहभागिता और स्टॉल प्रदर्शनी

महोत्सव में उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश सहित 10 से अधिक राज्यों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से आए 37 से अधिक स्वयं सहायता समूह और स्थानीय उद्यमियों ने अपने उत्पादों के आकर्षक स्टॉल लगाए।
पुस्तक मेले में 15 से अधिक प्रकाशकों ने भाग लिया, जबकि बनारसी साड़ी, कश्मीरी हस्तशिल्प, पारंपरिक कला और हस्तनिर्मित उत्पाद दर्शकों का ध्यान खींचते रहे।

मुख्यमंत्री योग सखी दीदी अभियान का शुभारंभ

महोत्सव के अवसर पर “मुख्यमंत्री योग सखी दीदी अभियान” की शुरुआत भी हुई। इस पहल के माध्यम से महिलाओं को योग से जोड़कर स्वास्थ्य जागरूकता, आत्मनिर्भरता और सामुदायिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखा गया है।

लोक संस्कृति और जन-जागरूकता कार्यक्रम

विद्यालयी बच्चों ने उत्तराखंड के पारंपरिक वीर नृत्य छोलिया नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी। विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं की रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मंच पर ‘नशा मुक्त भारत’, ‘टीबी मुक्त अभियान’ और एनसीडी/एनवीडीबी जैसे सामाजिक संदेशों पर जन-जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

साहसिक पर्यटन और रोमांचकारी गतिविधियाँ

महोत्सव में पहले दिन पतंगबाजी और रंगोली प्रतियोगिता ने उत्साह का माहौल बना दिया। सात दिवसीय पुस्तक मेला, फोटो प्रदर्शनी, पारंपरिक वाद्य यंत्र और चंपावत के दुर्लभ बर्तन भी प्रदर्शित किए गए।

साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई रोमांचकारी गतिविधियाँ आयोजित की गईं:

  • ‘फील द टेंट’ कैम्पिंग

  • पैरामोटरिंग उचोलिगोंठ में

  • पैराग्लाइडिंग डंडाककई में

  • वाइल्डलाइफ सफारी नंधौर वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी में

महोत्सव के तहत भारत में पहली बार आयोजित 120 किलोमीटर लंबी ‘पैरामोटर क्रॉस कंट्री चंपावत 2026’ का भव्य शुभारंभ भी हुआ। इस ऐतिहासिक उड़ान में 07 जांबाज़ पायलटों ने एक साथ दुर्गम पर्वतीय भूभाग के ऊपर से रोमांचक हवाई यात्रा की। यह क्रॉस कंट्री उड़ान उचौलिगोठ से डांडा, रीठा साहिब और लोहाघाट होते हुए चौथे दिन टनकपुर पहुंचेगी।

प्रशासनिक और आमजन की भागीदारी

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, विधायक प्रतिनिधि, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष टनकपुर विपिन कुमार, जिलाधिकारी मनीष कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

महोत्सव का महत्व

सात दिवसीय यह महोत्सव चंपावत की सांस्कृतिक पहचान, स्थानीय उद्यमियों के विकास, और पर्यटन उद्योग को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button