कोर्ट का एक फैसला और पलट गया पासा, एलन मस्क ने रचा इतिहास; नेटवर्थ 700 बिलियन डॉलर के पार

नई दिल्ली: दुनिया में इस समय एक शख्स पर खूब पैसा बरस रहा है। दौलत इतनी इकट्ठी हो रही है कि यह शख्स लगभग रोजाना रेकॉर्ड बना रहा है। इस शख्स का नाम एलन मस्क है। रॉयटर्स के मुताबिक एलन मस्क इतिहास के पहले ऐसे व्यक्ति बन गए हैं जिनकी नेटवर्थ 700 अरब डॉलर से ज्यादा हो गई है। यह सब इलेक्ट्रिक-गाड़ी बनाने वाली कंपनी टेस्ला में उनके बड़े सैलरी पैकेज को एक कोर्ट के फैसले से फिर से बहाल होने के बाद हुआ है।
पिछले हफ्ते, डेलावेयर सुप्रीम कोर्ट ने मस्क के साल 2018 के पे पैकेज से जुड़े स्टॉक ऑप्शन को फिर से बहाल कर दिया। पहले एक निचली अदालत ने इन्हें रद्द कर दिया था। इस फैसले के बाद मस्क की अनुमानित संपत्ति बढ़कर करीब 749 अरब डॉलर हो गई। ये स्टॉक ऑप्शन अब लगभग 139 अरब डॉलर के हैं, जो कि डील को पहली बार मंजूरी मिलने के समय के 56 अरब डॉलर के आंकड़े से कहीं ज्यादा है।
क्या कहा कोर्ट ने?
हाई कोर्ट ने कहा कि एलन मस्क के पे पैकेज को रद्द करने का पिछला फैसला गलत और अनुचित था। इसने साल 2024 के उस फैसले को पलट दिया जिसमें इस डील को ‘अविश्वसनीय’ कहा गया था। इस पैकेज के बहाल होने से मस्क की संपत्ति में जबरदस्त इजाफा हुआ और वे दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए, वो भी बहुत बड़े अंतर से।
सबसे बड़ा पैकेज
नवंबर में टेस्ला के शेयरधारकों ने मस्क के लिए 1 ट्रिलियन डॉलर के एक नए पे प्लान को मंजूरी दी थी। यह किसी भी कॉर्पोरेट एग्जीक्यूटिव के लिए अब तक का सबसे बड़ा पैकेज है। इस कदम से निवेशकों का मस्क की योजनाओं के प्रति मजबूत समर्थन दिखा, जिसमें टेस्ला को सिर्फ इलेक्ट्रिक कारों में ही नहीं, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स में भी लीडर बनाना शामिल है।


