उत्तराखंडराज्य

संत रविदास जयंती पर सीएम धामी ने किया समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ

हरिद्वार। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर भगवानपुर क्षेत्र के चुड़ियाला में आयोजित कलश बंधन महारैली से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की और कलश यात्रा में स्वयं सिर पर कलश रखकर सहभागिता की।

संत रविदास ने दिया समानता और मानवता का संदेश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में कलश शुभारंभ, मंगल और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। संत रविदास जी ने सामाजिक विषमताओं के दौर में प्रेम, समानता और मानवता का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि संत रविदास जी की शिक्षाएं हमें यह प्रेरणा देती हैं कि व्यक्ति जन्म से नहीं, बल्कि अपने श्रेष्ठ कर्मों और मानव सेवा के माध्यम से महान बनता है। भेदभाव मुक्त समाज के बिना समरस और सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव नहीं है।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।

भगवानपुर क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने भगवानपुर क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि बहादुरपुर-सोनाली क्षेत्र में करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से बाढ़ सुरक्षा परियोजना, 3 करोड़ रुपये से झील का सौंदर्यीकरण, 49 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक विद्यालय का निर्माण कराया गया है।

इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट की स्थापना और 8 करोड़ रुपये की लागत से नवीन तहसील भवन का निर्माण कराया गया है।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सड़कों, संपर्क मार्गों, सीसी रोड और हाईमास्ट लाइट सहित अनेक विकास कार्य भी पूरे किए गए हैं।

संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएगा अभियान

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संत रविदास जी की जन्मस्थली काशी के गोवर्धनपुर की पवित्र मिट्टी को कलश यात्राओं के माध्यम से देशभर में पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में शुरू किया गया समरसता संकल्प अभियान संत रविदास जी के समानता, सामाजिक सद्भाव और मानव कल्याण के संदेश को प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।

सभी जिलों में संचालित होगा समरसता संकल्प अभियान

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के सभी भाजपा जिलाध्यक्षों को कलश प्रदान कर अभियान को राज्य के सभी जिलों में संचालित करने का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर अनेक संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button