उत्तराखंडराज्य

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1905 की समीक्षा बैठक में सीएम धामी ने दिए सख्त निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1905 की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को जन शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि किसी अधिकारी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित की जवाबदेही तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पेयजल और जल जीवन मिशन से जुड़ी शिकायतों पर नाराजगी

मुख्यमंत्री ने पेयजल विभाग और जल जीवन मिशन से संबंधित अधिक संख्या में प्राप्त शिकायतों पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सभी लंबित शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि तय समय सीमा में शिकायतों का निस्तारण नहीं करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

शून्य कार्यवाही वाले अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश

सीएम धामी ने निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर जिन अधिकारियों की कार्यवाही शून्य प्रतिशत है, उन्हें तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए। संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाए।

उन्होंने कहा कि लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा विभागाध्यक्ष और जिलाधिकारी स्तर पर की जानी चाहिए। इसके साथ ही स्पेशल क्लोज, डिमांड, सजेशन एवं अन्य श्रेणियों में भेजी गई शिकायतों की भी गंभीरता से जांच की जाए, ताकि वास्तविक शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की बाधा न आए।

प्रत्येक सोमवार आयोजित होंगे समाधान दिवस

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रत्येक सोमवार को जिलाधिकारी, मंडलायुक्त और शासन स्तर पर सचिव समाधान दिवस आयोजित करें, जिससे जन समस्याओं का प्रभावी एवं त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने समाधान दिवसों की नियमित मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए।

नवाचारों और पेंशन व्यवस्था को लेकर भी दिए निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से अपने सेवाकाल के शुरुआती क्षेत्रों में जनहित में किए गए नवाचारों की विस्तृत सूची 50 दिनों के भीतर उपलब्ध कराने को कहा।

इसके अलावा उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पहले महीने से ही पेंशन उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं को और मजबूत करने के निर्देश

चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन, लोक निर्माण, पर्यटन, स्वास्थ्य और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को यात्रा मार्गों का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जाए। साथ ही भूमि संबंधी विवादों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त हुईं 67 हजार से अधिक शिकायतें

बैठक में सचिव डॉ. पंकज पांडेय ने बताया कि 18 अप्रैल से 28 जुलाई 2026 तक मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1905 पर कुल 67,843 शिकायतें प्राप्त हुईं।

इनमें से 20,461 शिकायतों का पूर्ण निस्तारण, 31,363 शिकायतों का आंशिक समाधान किया गया है। वहीं 7,404 शिकायतें प्रक्रियाधीन, 4,061 शिकायतें लंबित और 3,738 शिकायतें स्पेशल क्लोज श्रेणी में हैं। उन्होंने बताया कि स्पेशल क्लोज शिकायतों की दर घटकर 5.5 प्रतिशत रह गई है।

अगली समीक्षा में गुणवत्ता और संतुष्टि के आधार पर होगी समीक्षा

मुख्यमंत्री ने सभी सचिवों और जिलाधिकारियों को अगली समीक्षा बैठक से पहले विभागवार विस्तृत समीक्षा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि आगामी बैठक में केवल शिकायतों की संख्या के आधार पर नहीं, बल्कि उनके गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि और विभागीय जवाबदेही के आधार पर समीक्षा की जाएगी।

शिकायतकर्ताओं से मुख्यमंत्री ने की बातचीत

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अल्मोड़ा, टिहरी गढ़वाल, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर के शिकायतकर्ताओं से फोन पर बातचीत कर शिकायतों के समाधान की जानकारी ली।

कई शिकायतकर्ताओं ने समस्याओं के समाधान पर संतोष व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button