
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने भेंट की। इस दौरान विधायक ने विधानसभा क्षेत्र पुरोला के विल्ला नौगांव क्षेत्र के अंतर्गत 65 गांवों के आराध्य देवता रुद्रेश्वर महादेव के डांडा देवराणा मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए मुख्यमंत्री घोषणा के तहत ₹1.79 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रमुख धार्मिक स्थलों के साथ-साथ स्थानीय आस्था और परंपराओं से जुड़े मंदिरों तथा मेलों के विकास पर भी सरकार विशेष ध्यान दे रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराएं और धार्मिक विरासत प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। इनके संरक्षण और संवर्धन के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी क्षेत्रों का संतुलित और समग्र विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
65 गांवों की आस्था का प्रमुख केंद्र है रुद्रेश्वर महादेव मंदिर
विधायक दुर्गेश्वर लाल ने कहा कि डांडा देवराणा स्थित रुद्रेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र के 65 गांवों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर से बड़ी संख्या में लोगों की धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाएं जुड़ी हुई हैं।
उन्होंने कहा कि मंदिर के सौंदर्यीकरण के साथ अवस्थापना सुविधाओं के विकास से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूती मिलेगी।
विकास कार्यों से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को मिलेगा लाभ
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय आस्था से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों के विकास को भी प्राथमिकता दे रही है।
उन्होंने बताया कि स्वीकृत धनराशि से मंदिर परिसर में विभिन्न विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों से स्थानीय निवासियों के साथ-साथ मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
रुद्रेश्वर महादेव मेले को राजकीय मेला घोषित करने पर जताया आभार
विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में डांडा देवराणा रुद्रेश्वर महादेव मेले को राजकीय मेला घोषित किए जाने पर भी आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि राजकीय मेले का दर्जा मिलने से इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन को व्यापक पहचान मिलेगी। साथ ही क्षेत्र की लोक संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन को भी नई गति मिलेगी।
ये लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर रुद्रेश्वर मंदिर समिति के केंद्रीय अध्यक्ष एवं समिति के सदस्य, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण सिंह चौहान, भाजपा नेता जगनमोहन चंद, सरदार सिंह राणा, पूर्व मंडल अध्यक्ष बचन चौहान और वर्तमान मंडल अध्यक्ष अनिल चौहान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



