उत्तराखंडराज्य

कांवड़ मेले के बाद हरिद्वार में चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान

हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 के सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद हरिद्वार में 12 से 18 अगस्त तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में प्रस्तावित इस अभियान की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

घाटों और यात्रा मार्गों पर जमा कचरे की होगी सफाई

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के कारण गंगा घाटों, कांवड़ यात्रा मार्गों, पार्किंग स्थलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर बड़ी मात्रा में कूड़ा-कचरा जमा हो गया है। इसे देखते हुए व्यापक स्तर पर विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, जिला पंचायत और ग्राम पंचायतों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। अभियान के तहत यात्रा मार्गों, गंगा घाटों, पार्किंग स्थलों, प्रमुख चौराहों, बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों की सफाई के साथ ही एकत्रित कचरे के उचित निस्तारण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

विभागों के बीच बेहतर समन्वय और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश

सीडीओ ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने अभियान की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा, ताकि स्वच्छता कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

उन्होंने सामाजिक संगठनों, धार्मिक संस्थानों, स्वयंसेवी संस्थाओं, व्यापार मंडलों, औद्योगिक इकाइयों, जनप्रतिनिधियों, संत समाज और आम नागरिकों से भी स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

जनभागीदारी से बनेगा स्वच्छ और सुंदर हरिद्वार

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से ही स्वच्छ और सुंदर हरिद्वार के संकल्प को साकार किया जा सकता है।

बैठक में ये अधिकारी और प्रतिनिधि रहे मौजूद

बैठक में डीडीओ केके पंत, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, उपायुक्त नगर निगम महेंद्र यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा सरकारी और गैर सरकारी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button