उत्तराखंडराज्य

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर बड़ा हादसा: चीरबासा के पास पहाड़ी से गिरे बोल्डर की चपेट में आने से महिला श्रद्धालु की मौत

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर एक बार फिर कुदरत का कहर बरपा है। सोमवार, 8 जून 2026 को दोपहर करीब 1:03 बजे जंगलचट्टी के समीप चीरबासा हेलीपैड के पास पहाड़ी से अचानक भारी बोल्डर (चट्टान का टुकड़ा) गिर गया। इसकी चपेट में आने से केदारनाथ दर्शन कर लौट रही उधमसिंह नगर की एक महिला श्रद्धालु की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद से यात्रा मार्ग पर चल रहे अन्य तीर्थयात्रियों में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उधमसिंह नगर के सुरेंद्र नगर (वार्ड नंबर 82) की रहने वाली मीनाक्षी रौतेला अपने दो मित्रों के साथ बाबा केदारनाथ के दर्शन करने के बाद वापस गौरीकुंड लौट रही थीं। जैसे ही उनका दल चीरबासा हेलीपैड के पास पहुंचा, तभी पहाड़ी से अचानक पत्थरों की बौछार शुरू हो गई। एक भारी बोल्डर सीधे मीनाक्षी के ऊपर आ गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

आनन-फानन में उन्हें रेस्क्यू कर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) गौरीकुंड ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद गंभीर चोटों के कारण उन्होंने दम तोड़ दिया। प्रशासन द्वारा मृतका के शव को पोस्टमार्टम (PM) के लिए जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग भेज दिया गया है।

स्थानीय लोगों और प्रशासन के मुताबिक, बरसात के मौसम की शुरुआत होते ही चीरबासा क्षेत्र डेंजर जोन में तब्दील हो जाता है। यहां आए दिन पहाड़ी से दरकने वाले पत्थरों के कारण हादसे हो रहे हैं। महज एक हफ्ते के भीतर चीरबासा हेलीपैड के पास यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे कुछ ही दिन पहले इसी इलाके में पहाड़ी से बोल्डर गिरने की वजह से एक घोड़ा संचालक की भी जान चली गई थी। लगातार हो रहे इन हादसों से स्थानीय व्यापारियों, घोड़ा-खच्चर संचालकों और तीर्थयात्रियों में भारी खौफ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button