
जसपुर। उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं पूर्व राज्य योजना आयोग के उपाध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री स्तर) विनय रूहेला की अध्यक्षता में तहसील सभागार, जसपुर में मानसून सीजन को देखते हुए आपदा प्रबंधन और पूर्व तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
विभागवार तैयारियों का लिया गया जायजा
बैठक में उप जिलाधिकारी राहुल शाह, तहसीलदार दलिप सिंह, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान सभी विभागों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। उपाध्यक्ष विनय रूहेला ने अधिकारियों को मानसून के दौरान पूरी सतर्कता, बेहतर समन्वय और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश
उन्होंने पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, सिंचाई, विद्युत, अग्निशमन, पूर्ति, जल संस्थान, जल निगम तथा पशुपालन विभाग को आवश्यक उपकरण, मशीनरी, दवाइयों और राहत सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित निगरानी, नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे सक्रिय रखने और समय-समय पर मॉक ड्रिल आयोजित करने पर भी विशेष जोर दिया।
आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
बैठक के समापन पर विनय रूहेला ने कहा कि आमजन की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध और प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।



