
हरिद्वार, 19 दिसंबर 2025: कुंभ मेले को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए किए जा रहे विभिन्न कार्यों को नमामि गंगे मिशन में शामिल कराने के उद्देश्य से सीसीआर में राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कुंभ मेला अधिकारी सोनिका ने की।
बैठक में डायरेक्टर (शहरी), राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन नई दिल्ली धीरज जोशी, परियोजना निदेशक राज्य स्वच्छ गंगा मिशन उत्तराखंड विशाल मिश्रा, डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध, मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कुंभ मेले की व्यवस्थाओं, ग्रीन घाट निर्माण, घाटों के विकास और अन्य प्रस्तावों का पीपीटी के माध्यम से विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया। मेला अधिकारी सोनिका ने बताया कि मेले के लिए तीन नए घाटों का निर्माण और ग्रीन घाट का विकास प्रस्तावित है। इसके अलावा, नगर निगम द्वारा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, पेयजल निगम द्वारा एसटीपी प्लांट, म्यूजियम निर्माण और अन्य महत्वपूर्ण कार्यों के प्रस्ताव भी तैयार किए गए, जिनकी बैठक में गहन समीक्षा की गई।
धीरज जोशी ने कहा कि सभी प्रस्तावों को राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन, नई दिल्ली के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
बैठक के पश्चात राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन की टीम ने सीसीआर से वीआईपी घाट तक विभिन्न घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।



