उत्तराखंडराज्य

बेरोजगार मेडिकल लैब तकनीशियनों का धरना पांचवें दिन भी जारी, सरकार की “बुद्धि शुद्धि” के लिए किया सुंदरकांड पाठ

देहरादून। अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे बेरोजगार मेडिकल लैब तकनीशियनों का अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। एकता विहार धरनास्थल पर जुटे तकनीशियनों ने सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए सुंदरकांड पाठ और विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया।

सरकार से सकारात्मक निर्णय की प्रार्थना

धरनारत तकनीशियनों ने पूजा-अर्चना के माध्यम से भगवान से प्रार्थना की कि सरकार उनकी न्यायोचित मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय ले और उन्हें रोजगार के साथ सम्मानजनक अवसर प्रदान करे। धार्मिक अनुष्ठान के बाद उपस्थित लोगों के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया।

लंबे समय से जारी है संघर्ष

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मेडिकल लैब तकनीशियन लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उनका आरोप है कि लगातार ज्ञापन और प्रदर्शन के बावजूद उनकी समस्याओं की अनदेखी की जा रही है।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

धरने के दौरान वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और अधिक उग्र रूप दिया जाएगा। तकनीशियनों ने कहा कि वे अपने अधिकारों और रोजगार की मांग को लेकर पीछे हटने वाले नहीं हैं।

कई तकनीशियन रहे मौजूद

धरने में आशीष चंद्र खाली, रणवीर बिष्ट, मयंक राणा, अखिलेश भट्ट, शरद पाल, प्रवीण पंवार, दीपक जोशी, ऋषि चंदोला, रजत नौटियाल, अनूप रावत, परमात्मा पैनियुली, गणेश गोदियाल, सिद्धार्थ कुकरेती और नवनीत थपलियाल सहित कई लोग शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button