उत्तराखंड

मिलम (पिथौरागढ़) में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने किया योगाभ्यास, आईटीबीपी जवानों के साथ साझा किया अनुभव

मिलम/पिथौरागढ़। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के सुदूरवर्ती मिलम गांव स्थित भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की 14वीं वाहिनी परिसर में आयोजित विशेष योग कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। हिमालय की बर्फाच्छादित चोटियों, मिलम ग्लेशियर और गोरी गंगा की कलकल धारा के बीच आयोजित इस योग शिविर में उन्होंने हिमवीरों और स्थानीय लोगों के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

इस अवसर पर मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि नंदा देवी की भव्य चोटियों और मिलम ग्लेशियर की प्राकृतिक छटा के बीच योग करने का अनुभव उनके जीवन के सबसे यादगार क्षणों में से एक है। उन्होंने कहा कि प्रकृति के इस अद्भुत आंगन में योग साधना ने उन्हें मानसिक शांति, नई ऊर्जा और आत्मिक संतोष का अनुभव कराया।

उन्होंने कहा कि मिलम तक पहुंचने का सफर कठिन और चुनौतीपूर्ण रहा। दुर्गम पहाड़ी रास्तों तथा ठंडी हवाओं के बीच जब हिमालय की पावन धरती पर योग का अभ्यास किया गया, तो समस्त कठिनाइयां गौण प्रतीत हुईं और मन को अद्भुत सुकून मिला।

हिमवीरों और स्थानीय नागरिकों को संबोधित करते हुए मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व के कारण भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक पहचान मिली है। आज योग पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन, मानसिक संतुलन और मानव एकता का संदेश दे रहा है।

रेखा आर्या ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा में जुटे वीर जवानों के बीच योग करना उनके लिए गर्व और सम्मान का विषय है। हिमालय की इस पवित्र भूमि पर देश के प्रहरियों के साथ बिताया गया यह क्षण सदैव उनकी स्मृतियों में अंकित रहेगा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री एवं पद्म भूषण सम्मान से अलंकृत भगत सिंह कोश्यारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर आईटीबीपी के कमांडेंट राम भरत सिंह कुशवाहा, भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रताप, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपिका बोहरा, नगर पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र पांगती सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सैन्य अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button