
देहरादून। नववर्ष 2026 के दृष्टिगत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि देवभूमि उत्तराखण्ड में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले तत्वों को किसी भी हाल में बख्शा न जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रमुख पर्यटक स्थलों, अधिक भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों और सड़कों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वाहनों के अनियंत्रित संचालन और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर विशेष निगरानी रखी जाए। शराब ठेकों के आसपास भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
यातायात प्रबंधन और पर्यटक सुविधा
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि 30 दिसंबर 2025 से 05 जनवरी 2026 तक प्रदेशभर में यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए। पर्यटकों और आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और चेकिंग के दौरान शालीन व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। पुलिस द्वारा नियमित रात्रिकालीन गश्त की जाए और वरिष्ठ अधिकारी समय-समय पर स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को और मजबूत करें।
शीतकालीन यात्रा के दौरान सूचना केंद्रों, स्ट्रीट लाइट और अलाव की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। नववर्ष के अवसर पर सभी जनपदों में पार्किंग, मूलभूत सुविधाएं और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
अतिक्रमण और फायर सेफ्टी
मुख्यमंत्री ने देहरादून सहित अन्य जनपदों में सड़कों पर अतिक्रमण हटाने के लिए जिला प्रशासन, नगर निगम, पुलिस, परिवहन विभाग और एमडीडीए के संयुक्त टास्क फोर्स का गठन करने के निर्देश दिए। भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर होटल और रिसॉर्ट्स में फायर सेफ्टी सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच भी सुनिश्चित की जाए। किसी आपात स्थिति में पुलिस को 5 मिनट के भीतर मौके पर पहुंचना अनिवार्य होगा।
स्वच्छता और पर्यावरण
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने और “प्लास्टिक मुक्त उत्तराखण्ड” अभियान चलाने के निर्देश दिए। इस अभियान में सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक संगठनों और आम जनता की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, पंकज कुमार पाण्डेय, गढ़वाल कमिश्नर एवं सचिव विनय शंकर पाण्डेय, सचिव धीराज गर्ब्याल, अपर पुलिस महानिदेशक वी. मुरूगेशन, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल सहित शासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वर्चुअल माध्यम से आईजी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल, सभी जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक भी बैठक में जुड़े।
मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि नववर्ष के दौरान प्रदेश की शांति, सुरक्षा और सुव्यवस्थित व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



