
खटीमा। Pushkar Singh Dhami ने संघ लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा में चयनित तीन प्रतिभाशाली बेटियों से अपने निजी आवास नगला तराई में मुलाकात कर उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इन बेटियों ने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले और प्रदेश का नाम गर्व से ऊंचा किया है।

यूपीएससी में चयनित प्रतिभाओं से किया संवाद
मुख्यमंत्री ने Union Public Service Commission की सिविल सेवा परीक्षा में चयनित शांभवी तिवारी (निवासी किच्छा), प्रिया चौहान (निवासी काशीपुर) और सौम्या गर्ब्याल (निवासी भीमताल) से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने कहा कि इन तीनों बेटियों की सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। यह उपलब्धि उनके समर्पण, अनुशासन और निरंतर मेहनत का परिणाम है।

सम्मान समारोह में किया गया अभिनंदन
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने तीनों बेटियों को पुस्तक, उपहार और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सिविल सेवा में चयन जैसी बड़ी उपलब्धि हासिल करना आसान नहीं होता और इसके लिए निरंतर प्रयास, धैर्य और लक्ष्य के प्रति समर्पण आवश्यक होता है। मुख्यमंत्री ने उनके परिजनों से भी बातचीत की और उन्हें इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।

पर्वतारोहण में सफलता पर लता बिष्ट को भी मिली बधाई
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जनपद की जिला पर्यटन विकास अधिकारी लता बिष्ट को भी सम्मानित किया। उन्होंने Indian Mountaineering Foundation, नई दिल्ली द्वारा आयोजित माउंट चंद्रभागा-13 (6264 मीटर) और माउंट चंद्रभागा-14 (6074 मीटर) के पर्वतारोहण अभियान में टीम लीडर के रूप में सफल नेतृत्व करने पर उन्हें शॉल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में कई अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, एएसपी डॉ. उत्तम सिंह नेगी, उपजिलाधिकारी तुषार सैनी और प्रोवेशन अधिकारी व्योमा जैन सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।



