उत्तराखंडराज्य

लोक संवर्धन पर्व में ज्योति नूरां की शानदार प्रस्तुति ने बांधा समां

देहरादून। परेड ग्राउंड में आयोजित छठे लोक संवर्धन पर्व के दूसरे दिन प्रसिद्ध बॉलीवुड और पंजाबी गायिका ज्योति नूरां की शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी आवाज का जादू ऐसा चला कि दर्शक देर तक झूमते नजर आए।

ज्योति नूरां ने अपने लोकप्रिय गीतों ‘पटाखा गुड्डी’, ‘वारी जावां’, ‘तेरा नूर’ और ‘पांव की जुत्ती’ जैसी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में ऊर्जा और उत्साह भर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड के लोक गायक नरेश बादशाह के लोकगीतों से हुआ।

150 से अधिक स्टॉलों पर दिखी हस्तशिल्प और संस्कृति की झलक

महोत्सव के दौरान दिनभर बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर 150 से अधिक प्रदर्शनी स्टॉलों का आनंद लिया। यहां पारंपरिक हस्तशिल्प, हथकरघा वस्त्र, स्थानीय उत्पादों और लाइव क्राफ्ट डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से प्रदेश की कला और संस्कृति को प्रदर्शित किया गया।

फूड कोर्ट में उत्तराखंड के पहाड़ी और कुमाऊंनी व्यंजनों के साथ देश के विभिन्न क्षेत्रों के लोकप्रिय व्यंजन भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे।

चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों और युवाओं ने लिया उत्साह से भाग

लोक संवर्धन पर्व में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों और वयस्कों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के परिणाम महोत्सव के अंतिम दिन घोषित किए जाएंगे।

उद्यमियों और कारीगरों को दिया गया प्रशिक्षण

कारीगरों और छोटे उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय उद्यमिता एवं लघु व्यवसाय विकास संस्थान (निसबड) की ओर से ज्ञान सत्र आयोजित किया गया।

इस दौरान उद्यमिता विकास, ब्रांडिंग, डिजिटल मार्केटिंग और बाजार से जुड़ाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया गया।

शिल्प, संस्कृति और नवाचार का संगम है लोक संवर्धन पर्व

विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर ने कहा कि लोक संवर्धन पर्व कारीगरों को बाजार से जोड़ने और उनकी आजीविका को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।

वहीं निगम की निदेशक दीप्ति सिंह ने कहा कि यह आयोजन शिल्प, संस्कृति और नवाचार का संगम है, जो स्थानीय प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाने में सहायक साबित हो रहा है।

15 जुलाई तक चलेगा महोत्सव

लोक संवर्धन पर्व का आयोजन परेड ग्राउंड में 15 जुलाई तक प्रतिदिन सुबह 11:30 बजे से रात 9 बजे तक किया जाएगा। महोत्सव में प्रवेश निशुल्क है।

13 जुलाई की सांस्कृतिक संध्या में किशन महिपाल, विवेक नौटियाल और माया उपाध्याय अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button