
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को नैनीताल जिले के चोरगलिया स्थित राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को लोगों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आम लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। जनता की शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
9.93 करोड़ रुपये की लागत से बने पुल का लोकार्पण
जनसंवाद के बाद मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाले में निर्मित 120 मीटर स्पान डबल लेन आरसीसी कंक्रीट सेतु का लोकार्पण किया। इस पुल के निर्माण पर करीब 9.93 करोड़ रुपये की लागत आई है।
मानसून में आवागमन की समस्या से मिलेगी राहत
शेर नाला मानसून के दौरान उफान पर आने के कारण लंबे समय से स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ था। बरसात के मौसम में नाले का जलस्तर बढ़ने पर इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो जाता था। इसके चलते लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती थी।
नए पुल के निर्माण से चोरगलिया क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। इसके साथ ही हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग से गुजरने वाले पर्यटकों और अन्य यात्रियों को भी सुविधा का लाभ मिलेगा।
स्थानीय लोगों ने जताया आभार
पुल के लोकार्पण के बाद क्षेत्रीय लोगों ने राहत जताई और इसके निर्माण के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल बनने से मानसून के दौरान आवागमन बाधित होने की समस्या काफी हद तक दूर होगी।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी समेत विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।



