
हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी के कुमाऊं संभाग के जिलाध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों की संगठनात्मक बैठक रविवार को नैनीताल जिले की लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के गौलापार मंडल स्थित नंधौरगढ़ रिसोर्ट, चोरगलिया में आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के साथ हुआ। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और पार्टी की आगामी गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
संगठन को मजबूत करने में कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा एक कैडर आधारित राजनीतिक दल है और संगठन को निरंतर मजबूत करने के लिए इस तरह की बैठकें बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन मिलकर जनता के हित में कार्य कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ-साथ संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसमें पार्टी कार्यकर्ताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि संगठन के पदाधिकारियों के साथ संवाद के जरिए जमीनी स्तर की समस्याओं, कार्यकर्ताओं के सुझावों और संगठन की स्थिति को समझने का अवसर मिलता है। आने वाले समय में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
आगामी चुनाव और पार्टी कार्यक्रमों की रणनीति पर मंथन
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बैठक का उद्देश्य संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी विधानसभा चुनाव, पार्टी के कार्यक्रमों और भविष्य की रणनीति पर पदाधिकारियों के साथ चर्चा करना है।
उन्होंने जिला एवं मंडल अध्यक्षों से आह्वान किया कि वे कार्यकर्ताओं के साथ नियमित रूप से संवाद करें और संगठन की स्थिति, आगामी कार्ययोजना तथा कार्यकर्ताओं की समस्याओं पर चर्चा करें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया।
कांग्रेस पर धामी ने साधा निशाना
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस भाजपा पर दलित विरोधी होने के आरोप लगाती है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के संकल्प के साथ काम कर रही है।
उन्होंने कांग्रेस पर राष्ट्रगीत के अपमान, सनातन और महिला विरोधी रवैये तथा वोट बैंक की राजनीति को लेकर भी हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि लगातार चुनावी हार के बावजूद कांग्रेस अपनी गलतियों से सीखने के लिए तैयार नहीं है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी भी दी। उन्होंने जिला एवं मंडल अध्यक्षों से सरकार की योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी संगठन लगातार विस्तार और मजबूती की दिशा में आगे बढ़ रहा है। बैठक में मंडल और जिला स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने, संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने और सरकार के कार्यों को जनता तक पहुंचाने को लेकर चर्चा की गई।
उन्होंने कहा कि पार्टी का फोकस बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को अधिक सक्रिय बनाने पर है। बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, पार्टी की गतिविधियों और बूथ स्तर की रणनीति पर भी विचार-विमर्श हुआ।
कुमाऊं के आठ जिलों के 130 मंडल अध्यक्ष हुए शामिल
बैठक में कुमाऊं संभाग के आठ जिलों के जिलाध्यक्षों के साथ 130 मंडल अध्यक्षों ने भाग लिया। इनमें नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, काशीपुर, चंपावत, पिथौरागढ़, रानीखेत, अल्मोड़ा और बागेश्वर के पदाधिकारी शामिल रहे।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार मौजूद रहे। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने किया।



