
देहरादून: उत्तराखंड में चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन अब 3 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग ने अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की पूर्व निर्धारित तिथि में संशोधन किया है। इससे पूर्व यह सूची 15 सितंबर 2026 को प्रकाशित की जानी थी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सोमवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी।
दावे और आपत्तियों की सुनवाई 28 सितंबर तक
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी नए संशोधित कार्यक्रम के अनुसार:
-
दावे और आपत्तियों की सुनवाई: 28 सितंबर 2026 तक पूरी की जाएगी।
-
अंतिम प्रकाशन: सभी प्रक्रियाओं के निस्तारण के बाद 3 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।
99% से अधिक अनमैप्ड मामलों की सुनवाई पूरी
अभियान की उपलब्धियों का ब्योरा देते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया:
-
अनमैप्ड नोटिस: प्रदेश में अनमैप्ड एवं विसंगति वाले लगभग 24 लाख 30 हजार नोटिसों में से 99% से अधिक मामलों की सुनवाई पूरी की जा चुकी है।
-
फार्म 6, 7 और 8: मतदाता पंजीकरण, नाम हटाने व संशोधन से जुड़े फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 के लगभग 40% मामलों की सुनवाई भी संपन्न हो चुकी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य राज्य की मतदाता सूची को पूर्णतः शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपस्थित अधिकारी
इस अवसर पर अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी तथा सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास भी मौजूद रहे।



