
देहरादून। उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद बुधवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान 14 जुलाई 2026 को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची की डिजिटल प्रति सभी दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई।
ड्राफ्ट सूची में 71.33 लाख मतदाता शामिल
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि एसआईआर के प्रथम चरण के पूरा होने के बाद प्रदेश में कुल 71,33,785 मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किए गए हैं। वहीं, करीब 8.26 लाख मतदाता एएसडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित या मृत) श्रेणी में चिन्हित किए गए हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि राज्य में मतदान केंद्रों की संख्या बढ़ाकर 11,733 से 12,543 कर दी गई है।
13 अगस्त तक कर सकेंगे दावे और आपत्तियां
डॉ. पुरुषोत्तम ने बताया कि 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियां फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के माध्यम से दर्ज कराई जा सकेंगी। इसके लिए प्रत्येक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को 100-100 फॉर्म-6 उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि जिन पात्र नागरिकों का नाम किसी कारणवश सूची में शामिल नहीं हो पाया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने का अवसर मिल सके।
एक व्यक्ति अधिकतम पांच आक्षेप ही कर सकेगा
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी मतदाता का नाम हटाने के लिए एक व्यक्ति अधिकतम पांच फॉर्म-7 ही जमा कर सकेगा। यदि कोई व्यक्ति इससे अधिक आवेदन प्रस्तुत करता है, तो संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) प्रत्येक मामले की व्यक्तिगत जांच कराएंगे और उसके बाद ही निर्णय लिया जाएगा।
15 सितंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
उन्होंने बताया कि 14 जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक नोटिस जारी करने तथा दावे और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
19 लाख मतदाताओं के विवरण में मिलीं विसंगतियां
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल लगभग 19 लाख मतदाताओं के विवरण में विभिन्न प्रकार की त्रुटियां और विसंगतियां सामने आई हैं। इन मामलों में संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) और सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) नोटिस जारी करेंगे। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि इस प्रक्रिया के दौरान भी बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाया जा सके।
बैठक में ये अधिकारी और प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, बसपा और माकपा के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।



