
देहरादून। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 17 जुलाई को देहरादून के बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के समर्थन में बुधवार को उत्तराखंड कांग्रेस ने प्रेमनगर बाजार के मुख्य चौराहे पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया। इस दौरान शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं, बेरोज़गारी और युवाओं के भविष्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।
नाटक के जरिए छात्रों की समस्याओं को किया गया उजागर
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों, विद्यार्थियों पर बढ़ते मानसिक दबाव और प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आ रही अनियमितताओं को मंचन के जरिए दर्शाया। इसके साथ ही युवाओं के रोजगार और भविष्य से जुड़ी चिंताओं को भी प्रमुखता से उठाया गया।
कार्यक्रम के दौरान देहरादून की छात्रा रिया थापा की आत्महत्या की घटना का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य पर चिंता व्यक्त की गई। वहीं, नीट परीक्षा से जुड़े विवादों और छात्रों में बढ़ती असुरक्षा की भावना को भी नाटक का हिस्सा बनाया गया।
युवाओं से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील
प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अभिनव थापर ने विद्यार्थियों और युवाओं से 17 जुलाई को शाम पांच बजे बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा, रोजगार और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज़ बुलंद करना समय की आवश्यकता है।
कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र तनेजा, प्रेमनगर कांग्रेस अध्यक्ष मोहित ग्रोवर, युवा कांग्रेस कैंट विधानसभा अध्यक्ष कार्तिक बिड़ला सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय युवा उपस्थित रहे।



