उत्तराखंडराज्य

हर घर तिरंगा यात्रा में शामिल हुए सीएम धामी, बोले- तिरंगा देश के स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को गांधी पार्क से आयोजित ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ में हिस्सा लिया। हजारों लोगों की मौजूदगी में गांधी पार्क से घंटाघर तक निकाली गई इस यात्रा में मुख्यमंत्री भी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा करोड़ों भारतीयों के आत्मसम्मान, राष्ट्र गौरव और एकता का प्रतीक है।

यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने घंटाघर पहुंचकर उत्तराखंड आंदोलन के महानायक स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी और भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र गौरव और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने वाला पर्व है। स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों ने देश की आन-बान-शान के लिए अपना सर्वस्व बलिदान किया है। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए प्रत्येक नागरिक को हमेशा समर्पित रहना चाहिए।

राष्ट्रभक्ति उत्तराखंड की पहचान: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रभक्ति की भावना देवभूमि उत्तराखंड के कण-कण में विद्यमान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से एक मजबूत वैश्विक शक्ति के रूप में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ‘मेक इन इंडिया’, डिजिटल क्रांति और स्वदेशी तकनीक के जरिए देश आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। आज भारत कई क्षेत्रों में दुनिया के सामने नए अवसर और दिशा प्रस्तुत कर रहा है।

उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर के जरिए भारत ने अपनी सैन्य क्षमता का परिचय पूरी दुनिया को कराया है। रक्षा क्षेत्र में भी देश अब निर्यातक की भूमिका में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड को देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि बताते हुए कहा कि राज्य की धरती ने देश को बड़ी संख्या में वीर सैनिक दिए हैं। सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और शहीदों के परिवारों के हितों के लिए लगातार कार्य कर रही है।

विकास के मोर्चे पर उत्तराखंड की उपलब्धियां गिनाईं

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य के अनुरूप उत्तराखंड भी तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल और हवाई संपर्क जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 30 से अधिक क्षेत्रों में विशेष नीतियां तैयार कर विकास का रोडमैप बनाया गया है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, पिछले एक वर्ष में राज्य की जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं, प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की ऐतिहासिक बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं, जबकि स्टार्टअप की संख्या 1750 से अधिक हो चुकी है। इसके अलावा रिवर्स पलायन में भी 44 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई है। सतत विकास लक्ष्यों को हासिल करने के मामले में उत्तराखंड ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया है।

अवैध कब्जों और नकल माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की देवभूमि की मूल पहचान और स्वरूप से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में धर्मांतरण विरोधी कानून और सख्त दंगा रोधी कानून लागू किए गए हैं। साथ ही समान नागरिक संहिता लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना है।

उन्होंने कहा कि मदरसा बोर्ड को समाप्त कर उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण का गठन किया गया है। सरकार की ओर से 250 से अधिक अवैध मदरसों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें बंद कराया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया गया है। वहीं, सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद पिछले करीब पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां मिली हैं।

युवाओं को रोजगार देने वाला बनाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, होम-स्टे योजना, पर्यटन नीति समेत कई योजनाओं के माध्यम से स्वरोजगार और उद्यमिता को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट और नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी एवं सौरभ बहुगुणा, विधायक खजान दास, उमेश शर्मा काऊ, विनोद चमोली और सविता कपूर, मेयर सौरभ थपलियाल सहित भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button