
ऊखीमठ। ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में विभिन्न मांगों को लेकर चल रहा बाजीगरों का धरना रविवार को समाप्त हो गया। धरने पर बैठे लोगों से बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने वार्ता की। उन्होंने बाजीगरों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया।
आश्वासन के बाद धरना हुआ समाप्त
धरना समाप्त कराने के दौरान बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने धरने पर बैठे बाजीगरों को जूस पिलाया। उन्होंने कहा कि उनकी मांगों और समस्याओं पर जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अध्यक्ष के आश्वासन के बाद धरनारत लोगों ने अपना आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की।
जल्द समाधान की जगी उम्मीद
दोनों पक्षों के बीच हुई वार्ता के बाद बाजीगरों की समस्याओं के समाधान की दिशा में जल्द आवश्यक कदम उठाए जाने की उम्मीद जताई गई। वार्ता के दौरान समस्याओं के निराकरण को लेकर सकारात्मक माहौल रहा।



