उत्तराखंडराज्य

वन महोत्सव सप्ताह-2026: गढ़वाल ग्रीनर्स ने पर्यावरण संरक्षण अभियान को दी गति

देहरादून। वन महोत्सव सप्ताह-2026 के अवसर पर 127 इन्फैंट्री बटालियन (प्रादेशिक सेना) इकोलॉजिकल, गढ़वाल राइफल्स (गढ़वाल ग्रीनर्स) ने उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता को लेकर व्यापक अभियान चलाया। एक से सात जुलाई तक आयोजित इस अभियान के दौरान वृक्षारोपण, नदी पुनर्जीवन, जल एवं मृदा संरक्षण, स्वच्छता अभियान तथा पर्यावरण जागरूकता से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अभियान में स्थानीय प्रशासन, वन विभाग, शैक्षणिक संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों और क्षेत्रीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। बटालियन ने अपने निर्धारित क्षेत्रों में पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के लिए विभिन्न गतिविधियों को आगे बढ़ाया।

गढ़वाल ग्रीनर्स ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों के तहत अब तक तीन करोड़ से अधिक पौधों का रोपण किया जा चुका है। इसके अलावा हजारों हेक्टेयर वन क्षेत्र के पुनर्जीवन में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया गया है, जिससे उत्तराखंड के हरित क्षेत्र को बढ़ावा मिला है।

पौधों की देखभाल और जल स्रोतों के संरक्षण का लिया संकल्प

वन महोत्सव सप्ताह के दौरान प्रतिभागियों को केवल पौधारोपण तक सीमित न रहते हुए लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल, जल स्रोतों के संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने प्रकृति संरक्षण को जन-अभियान बनाने और लगाए गए प्रत्येक पौधे की सुरक्षा एवं देखभाल करने का संकल्प लिया। बटालियन ने अभियान की सफलता में सहयोग देने वाले सभी विभागों, संस्थाओं और स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

127 इन्फैंट्री बटालियन (टीए) इकोलॉजिकल, गढ़वाल राइफल्स ने भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण से जुड़े ऐसे अभियानों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button