
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची महिलाओं ने रक्षा सूत्र बांधा। महिलाओं ने मुख्यमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने महिलाओं का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
28 और 29 अगस्त को महिलाओं के लिए बस यात्रा निःशुल्क
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 28 और 29 अगस्त 2026 को दो दिनों तक उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में महिलाओं के लिए निःशुल्क यात्रा की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि इस सुविधा से प्रदेश की महिलाओं को रक्षाबंधन के पर्व पर अपने परिवारजनों से मिलने-जुलने और आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उनके सामाजिक और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक एवं सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सरकार लगातार विभिन्न स्तरों पर कार्य कर रही है।
राज्य के विकास में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की महिलाओं की प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भागीदारी है। सरकार महिलाओं के हितों से जुड़े विषयों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रही है और उनके सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।



