
रूद्रपुर। 16 दिसम्बर 1971 के भारत–पाकिस्तान युद्ध में देश की रक्षा करते हुए शहादत देने वाले वीर जवानों की स्मृति में जनपद भर में विजय दिवस अत्यंत श्रद्धा, सम्मान और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया।
शहीद स्मारक पर हुआ मुख्य आयोजन
विजय दिवस का मुख्य कार्यक्रम जनपद मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन के शहीद स्मारक स्थल पर आयोजित किया गया। वर्ष 1971 के भारत–पाक युद्ध के दौरान जनपद के 9 वीर सपूतों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी, जबकि 2 सैनिक युद्ध में घायल हुए थे। कार्यक्रम में जनपद के शहीद सूबेदार स्व. रामदत्त, सिपाही उमेश सिंह, टीका राम, दिवानी नाथ, हीरा चंद, आन सिंह, जोगा सिंह, हर सिंह एवं त्रिलोक सिंह के चित्रों पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
मुख्य अतिथि महापौर विकास शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, एसपी सिटी निहारिका तोमर, जिला क्रीड़ा अधिकारी जानकी कार्की, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल सी.पी. कोठारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं पूर्व सैनिकों ने शहीदों को नमन किया। इस अवसर पर युद्ध में घायल सैनिक गोकुलानंद पाठक, मनोज सिंह, त्रिलोक सिंह तथा युद्ध प्रतिभागी कैप्टन धन सिंह, खड़क सिंह कार्की और जय सिंह को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

वीर शहीदों के बलिदान को किया गया नमन
महापौर विकास शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि आज हम उन वीर शहीदों को नमन करते हैं जिन्होंने देश की आन, बान और शान की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व बलिदान कर दिया। उन्होंने कहा कि हमारा प्रदेश वीर सैनिकों की भूमि है और हमें अपने सैनिकों पर गर्व है। देश की सीमाओं पर दिन-रात प्रहरी बनकर खड़े जवानों के कारण ही हम देश के भीतर सुरक्षित जीवन जी पा रहे हैं। उन्होंने 1971 के युद्ध में भारत की विजय को स्मरण करते हुए कहा कि इस दिन को विजय दिवस के रूप में मनाकर हम शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और घायल व युद्ध प्रतिभागियों की वीरता को नमन करते हैं।
प्रेरणा का स्रोत हैं हमारे सैनिक
मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि हमें उनके अदम्य साहस और शौर्य पर गर्व है। उन्होंने कहा कि सैनिकों और उनके परिजनों का सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य है। जिन रणबांकुरों ने देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए, उनसे प्रेरणा लेकर हमें उनके पदचिह्नों पर चलना चाहिए और उनकी कुर्बानी को सदैव स्मरण रखना चाहिए।
शिक्षण संस्थानों और क्रीड़ा विभाग द्वारा प्रतियोगिताएं
विजय दिवस के अवसर पर जनपद के शिक्षण संस्थानों और क्रीड़ा विभाग द्वारा 1971 भारत–पाक युद्ध एवं देशभक्ति विषयक चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। चित्रकला प्रतियोगिता में आदर्श बालिका इंटर कॉलेज पंतनगर की सविता ने प्रथम, जनता इंटर कॉलेज रुद्रपुर की सलोनी शर्मा ने द्वितीय तथा गुरुनानक बालिका इंटर कॉलेज की भावना जोशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
निबंध प्रतियोगिता में जनता इंटर कॉलेज के सुमित प्रथम, गुरुनानक बालिका इंटर कॉलेज की शिफा द्वितीय और आर्य कन्या इंटर कॉलेज की साक्षी कश्यप तृतीय स्थान पर रहीं। भाषण प्रतियोगिता में राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय रामनगर की कामनी ने प्रथम, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फाजलपुर महरौला की सोनम ने द्वितीय तथा आनंद नारायण झा राजकीय इंटर कॉलेज के विष्णु सिंह राठौर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
क्रॉस कंट्री रेस में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
विजय दिवस के उपलक्ष्य में खेल विभाग द्वारा स्पोर्ट्स स्टेडियम में बालक एवं बालिका वर्ग की ओपन क्रॉस कंट्री रेस आयोजित की गई। महिला वर्ग में अजरा निपाशा प्रथम, दीपा द्वितीय, गुंजन तृतीय, चांदनी चतुर्थ, खुशी राय पंचम और डोली षष्ठम स्थान पर रहीं। पुरुष वर्ग में पुष्कर चंद प्रथम, धीरज सिंह बिष्ट द्वितीय, अनुपम तृतीय, दीपक कुमार चतुर्थ, भावेश पंचम और अभिषेक षष्ठम स्थान पर रहे। सभी विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए।
उपस्थित रहे अधिकारी और पूर्व सैनिक
इस अवसर पर जिला सैनिक कल्याण अधिकारी चंद प्रकाश कोठारी, सहायक सैनिक कल्याण अधिकारी सुंदर सिंह, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी महेश चंद्र भट्ट सहित पूर्व सैनिक सुनील कुमार, सुदर्शन सिंह, गिरीश चंद्र भट्ट, लक्ष्मण सिंह, रूप सिंह अधिकारी, अजय कुमार, देबू, आकाश एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



