
देहरादून। पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), देहरादून की ओर से बुधवार को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्यालय परिसर में आम, चीकू और लीची समेत विभिन्न फलदार पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि आकाशवाणी देहरादून की संयुक्त निदेशक साक्षी सिंह ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान प्रकृति के प्रति आस्था, कृतज्ञता और पर्यावरण संरक्षण की भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से लोगों को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित, स्वच्छ एवं समृद्ध भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
पौधा लगाने के साथ उसके संरक्षण पर जोर
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पीआईबी देहरादून के सहायक निदेशक संजीव सुंद्रियाल ने लोगों से केवल पौधारोपण तक सीमित न रहने, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति और मां का रिश्ता बेहद गहरा और अटूट है। ऐसे में यह अभियान जननी और पर्यावरण, दोनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक सार्थक माध्यम है।
5 जून 2024 को शुरू हुआ था अभियान
‘एक पेड़ माँ के नाम’ देशव्यापी अभियान की शुरुआत 5 जून 2024 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर की गई थी। अभियान का उद्देश्य लोगों को अपनी मां के प्रति प्रेम और सम्मान के प्रतीक के रूप में पौधा लगाने तथा पेड़-पौधों और धरती के संरक्षण का संकल्प लेने के लिए प्रेरित करना है। इसके साथ ही अभियान के माध्यम से भूक्षरण को रोकने और क्षतिग्रस्त भूमि के पुनर्स्थापन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
स्वच्छ और हरित वातावरण के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता
कार्यक्रम के दौरान पीआईबी के अधिकारियों और कर्मचारियों ने संस्थान, कार्यस्थल तथा आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ, हरित और सुंदर बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया। उन्होंने स्वच्छ, स्वस्थ और सतत भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।



