उत्तराखंडराज्य

अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर गुलरभोज में साइबर सुरक्षा और स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम

रुद्रपुर। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर की सचिव श्रीमती ममता पंत के निर्देशन में गुलरभोज, गदरपुर में साइबर सुरक्षा और स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं एवं आमजन को साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

गुलरभोज डैम क्षेत्र में चलाया गया विशेष स्वच्छता अभियान

सिंचाई विभाग के सहयोग और नगर पालिका के समन्वय से गुलरभोज डैम क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान डैम परिसर और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की गई। लोगों को सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को अपनी दैनिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता बनाए रखने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी लोगों को जिम्मेदार बनना होगा।

साइबर अपराधों से बचाव के लिए किया जागरूक

कार्यक्रम के दौरान साइबर सुरक्षा को लेकर भी विशेष जागरूकता दी गई। लोगों को बताया गया कि डिजिटल युग में इंटरनेट और सोशल मीडिया का इस्तेमाल सावधानीपूर्वक करना जरूरी है। विशेष रूप से युवाओं को किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने और ओटीपी, पासवर्ड, बैंक खाते की जानकारी या एटीएम से संबंधित विवरण किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी गई।

साथ ही साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के लिए जागरूक किया गया।

विद्यार्थियों ने निकाली करीब एक किलोमीटर लंबी जागरूकता रैली

कार्यक्रम के बाद जिज्ञासा पब्लिक स्कूल, गुलरभोज, एन.के. इंटर कॉलेज, गुलरभोज और जे.के. कॉन्वेंट स्कूल, गुलरभोज के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। विद्यार्थियों ने करीब एक किलोमीटर लंबी साइबर सुरक्षा एवं स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली।

रैली विद्यालय परिसर से शुरू होकर गुलरभोज क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से होते हुए निकली। विद्यार्थियों ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां और बैनर लेकर साइबर सुरक्षा एवं स्वच्छता से जुड़े प्रेरक नारे लगाए। रैली के माध्यम से आमजन को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और स्वच्छ पर्यावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।

सुरक्षित डिजिटल जीवन और स्वच्छ समाज का लिया संकल्प

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक, छात्र-छात्राएं, सिंचाई विभाग एवं नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने, साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button