
देहरादून। भाजपा ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर नीट और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर संसद में चर्चा से पीछे हटने का आरोप लगाया है। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस देश का माहौल खराब करने के लिए दोहरी और अराजक राजनीति कर रहे हैं।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से वार्ता के दौरान उनियाल ने कहा कि राहुल गांधी ने पहले शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर संसद में गतिरोध पैदा किया। उनके मुताबिक, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद राहुल गांधी ने नीट मामले पर चर्चा की मांग उठाई, लेकिन जब सरकार चर्चा के लिए तैयार हुई तो वह इससे पीछे हट गए।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को डरकर भागने के बजाय छात्रों से जुड़े मुद्दों पर संसद में चर्चा में भाग लेना चाहिए।
‘नेता प्रतिपक्ष के पद की मर्यादा और संसदीय परंपराओं का पालन करें’
कैबिनेट मंत्री ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष जैसे महत्वपूर्ण संवैधानिक पद की मर्यादा और संसदीय परंपराओं का पालन नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों के हितों की बात करने वाली कांग्रेस को झारखंड में छात्रों के साथ हुए कथित व्यवहार पर भी जवाब देना चाहिए।
उनियाल के अनुसार, झारखंड में कांग्रेस गठबंधन की सरकार होने के बावजूद छात्रों से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस की ओर से कोई प्रभावी प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।
नीट मामले में केंद्र सरकार ने उठाए कदम: उनियाल
सुबोध उनियाल ने कहा कि नीट मामले को केंद्र सरकार ने गंभीरता से लिया। उन्होंने दावा किया कि परीक्षा रद्द कर दोबारा आयोजित की गई, परिणाम जारी किया गया और परीक्षाओं में अनियमितताओं को रोकने के लिए कठोर कानून भी बनाया गया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने भी देश में सबसे पहले नकल विरोधी सख्त कानून लागू किया था।
राहुल गांधी को उनियाल की चुनौती- ‘चर्चा में आइए’
कैबिनेट मंत्री ने राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा, “डरो मत, भागो मत, चर्चा में आइए। सरकार हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है।”
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में चर्चा और संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान निकालना भाजपा की प्राथमिकता है। वहीं, उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार नए आरोप लगाकर सनसनी पैदा करने का प्रयास कर रही है।
‘कांग्रेस का छात्र और नौजवान हित से कोई लेना-देना नहीं’
उनियाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का छात्र और नौजवान हित से कोई लेना-देना नहीं है और वह देश में अराजकता का माहौल पैदा करना चाहती है। उन्होंने कहा कि देश की जनता लोकतांत्रिक तरीकों में विश्वास करती है और कांग्रेस की कथित नकारात्मक राजनीति को भी जनता देख रही है।
भाजपा के ये नेता रहे मौजूद
पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी और प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन मौजूद रहे।



