उत्तराखंडराज्य

मुख्यमंत्री धामी ने आपदा प्रबंधन और अवस्थापना विकास के लिए मंजूर किए ₹74 करोड़

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में अवस्थापना सुविधाओं के विकास, आपदा से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों की मरम्मत, बाढ़ सुरक्षा, मार्गों के पुनर्निर्माण, हेलीपैड निर्माण और आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न कार्यों के लिए ₹74 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। स्वीकृत धनराशि से प्रदेश के विभिन्न जिलों में राहत, पुनर्निर्माण, सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य किए जाएंगे।

बागेश्वर में हेलीपैड और गंगोत्री में सीवर लाइन के लिए बजट

स्वीकृत धनराशि में बागेश्वर के बेड़ा-मझड़ा (करीमपुर) में हेलीपैड निर्माण के लिए ₹8.91 करोड़ शामिल हैं। वहीं, गंगोत्री धाम में सीवर लाइन, छूटे हुए घरों और सार्वजनिक शौचालयों से संबंधित कार्यों के लिए ₹4.99 करोड़ की धनराशि मंजूर की गई है।

इसके अलावा अभियोजन कार्यालय में अभियोजन अधिष्ठान के अंतर्गत अवशेष धनराशि के भुगतान के लिए ₹8.89 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।

आपदा प्रभावित स्कूलों की मरम्मत के लिए ₹30 करोड़

आपदा के कारण विद्यालय परिसरों में क्षतिग्रस्त आधारभूत सुविधाओं की मरम्मत और शिक्षण कार्यों की निरंतरता बनाए रखने के लिए माध्यमिक शिक्षा के विद्यालयों को ₹15 करोड़ तथा प्रारंभिक शिक्षा के विद्यालयों को भी ₹15 करोड़ की धनराशि मंजूर की गई है। इस तरह स्कूलों के लिए कुल ₹30 करोड़ राज्य आपदा मोचन निधि से स्वीकृत किए गए हैं।

आठ जिलों में राहत और पुनर्निर्माण कार्यों के लिए धनराशि

उत्तरकाशी, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चमोली, चंपावत, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और देहरादून में राहत एवं बचाव, पुनर्प्राप्ति एवं पुनर्निर्माण तथा तैयारी और क्षमता निर्माण से जुड़े कार्यों के लिए ₹1.08 करोड़ की धनराशि मंजूर की गई है।

खटीमा और भारत-नेपाल सीमा पर बाढ़ सुरक्षा को मंजूरी

उधमसिंह नगर के खटीमा विकासखंड के सात गांवों में आवासीय भवनों को नदी-नालों की बाढ़ से सुरक्षा प्रदान करने के लिए ₹4.01 करोड़ की योजना स्वीकृत की गई है।

वहीं, भारत-नेपाल सीमा पर जगबूढ़ा नदी के दायें पार्श्व में स्थित सिसैया, मेलाघाट और एसएसबी कैंप कार्यालय को बाढ़ से सुरक्षा देने के लिए ₹4.62 करोड़ की धनराशि मंजूर की गई है।

चमोली में मशीनों के लंबित भुगतान के लिए ₹3.18 करोड़

चमोली जिले में आपदा से क्षतिग्रस्त मार्गों को खोलने और मलबा हटाने के लिए इस्तेमाल की गई जेसीबी और पॉकलैंड मशीनों के लंबित भुगतान के लिए ₹3.18 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।

इसके अलावा हरबर्टपुर नगर पालिका क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट परियोजना के लिए ₹3.27 करोड़ की वित्तीय मंजूरी दी गई है।

आपदा प्रबंधन से जुड़े संसाधनों के लिए भी बजट

भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली के रखरखाव के लिए ₹2 करोड़, सैटेलाइट फोन रिचार्ज के लिए ₹1.90 करोड़, विभिन्न उपकरणों के रखरखाव और विशेषज्ञों के मानदेय के लिए ₹40 लाख, मॉक अभ्यासों के आयोजन के लिए ₹60 लाख तथा ईईआरएस कार्मिकों के मानदेय के लिए ₹18 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।

चौबट्टाखाल में मोटर मार्ग का नाम शहीद मंदीप सिंह नेगी के नाम पर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा क्षेत्र चौबट्टाखाल के अंतर्गत चलकुडिया-मसमोली-नौखोली मोटर मार्ग का नाम शहीद मंदीप सिंह नेगी मोटर मार्ग किए जाने का भी अनुमोदन प्रदान किया है।

सरकार के इस फैसले से शहीद मंदीप सिंह नेगी की स्मृति को सम्मान मिलेगा और उनके बलिदान को हमेशा याद रखा जा सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button