
देहरादून। थल सेना दिवस के अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने गढ़ी कैंट स्थित उत्तराखंड सब एरिया मुख्यालय पहुंचकर जीओसी मेजर जनरल एमपीएस गिल एवं डिप्टी जीओसी ब्रिगेडियर आरएस थापा से शिष्टाचार भेंट की और उन्हें इस गौरवपूर्ण दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
भारतीय सेना के शौर्य और अनुशासन की सराहना
इस अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने भारतीय सेना के अदम्य साहस, पराक्रम और अनुशासन की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय थल सेना देश की सुरक्षा की सबसे मजबूत ढाल है और हर विषम परिस्थिति में सीमाओं की रक्षा कर उसने राष्ट्र को गौरवान्वित किया है।
उत्तराखंड का सेना से ऐतिहासिक और भावनात्मक संबंध
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड का सेना से गहरा ऐतिहासिक और भावनात्मक नाता रहा है। राज्य के सैनिकों ने हमेशा देश सेवा में अग्रणी भूमिका निभाई है और अपने शौर्य से पूरे देश का मान बढ़ाया है।
पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उनकी समस्याओं के समाधान और सुविधाओं के विस्तार के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। भेंट के दौरान आपसी समन्वय, सैनिक कल्याण से जुड़े विषयों तथा प्रदेश में पूर्व सैनिकों के हितों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
सैन्य योजनाओं से जुड़ी मांगों पर सकारात्मक आश्वासन
इस दौरान जीओसी की ओर से सैन्य योजनाओं की जानकारी के प्रसार के लिए दो एलईडी स्क्रीन स्थापित किए जाने तथा विकासनगर में सामुदायिक शेड निर्माण की मांग रखी गई। सैनिक कल्याण मंत्री ने इन मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।



