उत्तराखंडराज्य

भारी बारिश के अलर्ट के बीच ऊधम सिंह नगर में 12वीं तक के स्कूल बंद

रुद्रपुर। मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से जारी भारी बारिश के पूर्वानुमान और नदी-नालों के जलस्तर में संभावित वृद्धि को देखते हुए ऊधम सिंह नगर जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बुधवार, 2 सितंबर को जिले में कक्षा 12 तक संचालित सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के लिए अवकाश घोषित किया है। इसके साथ ही आंगनवाड़ी केंद्रों में अध्ययनरत बच्चों के लिए भी छुट्टी रहेगी।

शिक्षक और आंगनवाड़ी कर्मचारी केंद्रों पर रहेंगे मौजूद

जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार विद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी अपने-अपने विद्यालयों में उपस्थित रहेंगे। इसी तरह आंगनवाड़ी केंद्रों की कार्यकत्रियां और सहायिकाएं भी केंद्रों पर मौजूद रहकर आवश्यकता के अनुसार अपने विभागीय दायित्वों का निर्वहन करेंगी।

आदेश का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिलाधिकारी के आदेश की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 51 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी के आदेश की प्रतिलिपि जिले के सभी उपजिलाधिकारियों के साथ-साथ संबंधित विभागों को भी भेज दी गई है, ताकि आदेश का प्रभावी रूप से अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button