
सितारगंज स्थित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्रसंघ अध्यक्ष पद को लेकर शनिवार को दोबारा मतदान कराया गया। यह मतदान हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में कराया गया, जिसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मतदान में 459 छात्रों ने किया अपने मताधिकार का प्रयोग
महाविद्यालय में कुल 2135 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 459 छात्रों ने सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान किया। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, जिसके बाद तुरंत मतगणना की प्रक्रिया शुरू की गई।
भारी मतों से राजविंदर कौर निर्वाचित
मतगणना में राजविंदर कौर को कुल 372 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी गौरव फर्त्याल को 84 वोट मिले। इसके अतिरिक्त दो मत निरस्त घोषित किए गए और एक मत नोटा के पक्ष में गया। स्पष्ट बहुमत के साथ राजविंदर कौर को विजयी घोषित किया गया।
नामांकन निरस्त होने के बाद पहुंचा था मामला न्यायालय
उल्लेखनीय है कि पूर्व में अध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान राजविंदर कौर का नामांकन निरस्त कर दिया गया था, जिसके चलते गौरव फर्त्याल को निर्विरोध अध्यक्ष घोषित कर दिया गया था। इस निर्णय के विरुद्ध राजविंदर कौर ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, जिस पर न्यायालय ने पुनः मतदान के आदेश दिए।
प्राचार्य ने दिलाई शपथ
मतगणना के पश्चात महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. रेनू रानी बंसल ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजविंदर कौर को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर महाविद्यालय के अनेक प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे, जिनमें डॉ. जगदीपक जोशी, डॉ. एमसी आर्य, डॉ. अभिमन्यु कुमार, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. संजय टम्टा, डॉ. गीतांजलि मिश्रा, डॉ. शोभा पांडे, डॉ. दीक्षा, डॉ. कमला और डॉ. कामना शामिल थे।



