उत्तराखंडराज्य

कुंभ मेला-2027 में आपदा प्रबंधन को लेकर तैयारियां तेज

देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कुंभ मेला-2027 के दौरान आपदा प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्थाओं की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों एवं जिलाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को संभावित आपदाओं और आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि मेला अवधि में किसी भी आपात स्थिति से त्वरित और प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

क्राउड मैनेजमेंट से लेकर फायर कंट्रोल तक बनेगी समेकित योजना

मुख्य सचिव ने पूरे कुंभ क्षेत्र की सेक्टरवार निकासी योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्राउड मैनेजमेंट, ट्रैफिक, इवैक्यूएशन और फायर कंट्रोल को शामिल करते हुए एक समेकित आपदा प्रबंधन योजना तैयार करने को कहा।

इसके साथ ही भूकंप, बाढ़ तथा केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल एवं न्यूक्लियर (सीबीआरएन) जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए स्पष्ट एसओपी तैयार करने के निर्देश भी दिए।

उपकरणों की उपलब्धता और प्रशिक्षण पर जोर

मुख्य सचिव ने आपदा प्रबंधन से जुड़े आवश्यक उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही उनके नियमित रखरखाव और ऑपरेशनल स्थिति की लगातार जांच करने को कहा।

उन्होंने संबंधित कार्मिकों को उपकरणों के संचालन का प्रशिक्षण देने तथा उपकरणों से संबंधित कमियों का आकलन कर एसडीआरएफ के माध्यम से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पीक टाइम में नियमित मॉक ड्रिल कराने के निर्देश

मुख्य सचिव ने एटीएस को और मजबूत करने तथा प्रमुख पर्वों और कुंभ मेले के पीक टाइम को ध्यान में रखते हुए नियमित मॉक ड्रिल आयोजित करने को कहा।

उन्होंने निर्देश दिए कि मॉक ड्रिल के दौरान आपात स्थिति को वास्तविक परिस्थितियों की तरह सिम्युलेट किया जाए और वैकल्पिक मार्गों तथा रिस्पांस मैकेनिज्म की प्रभावशीलता का परीक्षण किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी तैयारियों का मुख्य उद्देश्य आपात स्थिति में रिस्पांस टाइम को न्यूनतम करना होना चाहिए।

कुंभ में एआई और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर जोर

मुख्य सचिव ने कुंभ मेले के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और आधुनिक तकनीक के अधिकतम उपयोग पर भी जोर दिया। उन्होंने विभिन्न विभागों से प्राप्त सूचनाओं और अनुभवों का व्यवस्थित डेटाबेस तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में होने वाले बड़े आयोजनों में इसका उपयोग किया जा सके।

तकनीकी और विशेषज्ञ सहयोग के लिए आईटीडीए, आपदा प्रबंधन विभाग और संबंधित संस्थाओं की मदद लेने के साथ आवश्यकता के अनुसार विशेषज्ञों की सेवाएं लेने के निर्देश भी दिए।

अफवाहों की रोकथाम और संचार व्यवस्था मजबूत करने पर जोर

मुख्य सचिव ने कम्युनिकेशन मैनेजमेंट को मजबूत करने के साथ अफवाहों की रोकथाम के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कुंभ के पीक टाइम में मोबाइल नेटवर्क पर बढ़ने वाले दबाव को देखते हुए नेटवर्क क्षमता बढ़ाने तथा आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त मोबाइल टावर और अन्य संचार सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा।

कंट्रोल रूम को किया जाएगा मजबूत

मुख्य सचिव ने कंट्रोल रूम को और अधिक प्रभावी बनाने तथा सभी संबंधित विभागों के साथ नियमित समन्वय बैठकें आयोजित कर व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 बड़े स्तर का आयोजन है। ऐसे में सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ संभावित आपदाओं और आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहना होगा।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में सचिव शैलेश बगौली, नितेश कुमार झा, विनय शंकर पाण्डेय, आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप, मेलाधिकारी सोनिका सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और जिलाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button