उत्तराखंडराज्य

राजीव गांधी की जयंती पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि

देहरादून। पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न राजीव गांधी की जयंती पर प्रदेश कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया। प्रदेश कांग्रेस सेवादल के तत्वावधान में राजीव भवन में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने राजीव गांधी के चित्र एवं प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

सूचना क्रांति और तकनीकी विकास में योगदान को किया याद

प्रदेश सेवादल अध्यक्ष हेमा पुरोहित की अध्यक्षता में आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने राजीव गांधी को आधुनिक भारत और सूचना क्रांति की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देने वाला नेता बताते हुए उनके कार्यों को याद किया।

कांग्रेस प्रदेश महामंत्री संगठन राजेन्द्र सिंह भंडारी ने कहा कि राजीव गांधी ने देश में सूचना तकनीक को बढ़ावा देने के साथ पंचायतों को अधिकार संपन्न बनाने और युवाओं को 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की।

उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने भारत की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वस्व बलिदान किया। उनके प्रयासों से देश में सूचना क्रांति और तकनीकी विकास की मजबूत नींव तैयार हुई।

21वीं सदी के भारत का देखा था सपना

सेवादल अध्यक्ष हेमा पुरोहित ने कहा कि राजीव गांधी ने भारत को 21वीं सदी में ले जाने का सपना देखा था। सूचना तकनीक, पंचायतों की स्वायत्तता और युवाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी के क्षेत्र में उनके प्रयास मील का पत्थर साबित हुए।

उन्होंने कहा कि मजबूत, आधुनिक और विकसित भारत के निर्माण के सपने को साकार करना ही राजीव गांधी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

जीवन और उपलब्धियों पर लगाई प्रदर्शनी

कार्यक्रम के दौरान राजीव गांधी के जीवन और उनकी उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘राजीव गांधी अमर रहें’ सहित विभिन्न नारों के साथ पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की।

ये पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र शाह, विनोद चौहान, सोनिया आनंद, महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी और प्रदेश प्रवक्ता प्रतिमा सिंह सहित कांग्रेस एवं सेवादल के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button