राष्ट्रिय

केरल में एलडीएफ सरकार की विदाई की उल्टी गिनती शुरू: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार की विदाई की उलटी गिनती शुरू हो गई है और केरल में भाजपा के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सत्ता में आयेगा। पीएम मोदी ने पथनमथिट्टा जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राजग की रैली को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में भाजपा कार्यकर्ताओं ने एलडीएफ सरकार की विदाई करने के लिए काफी उत्साह दिखाया है।

राज्य विधानसभा की 140 सीट के लिए नौ अप्रैल को चुनाव होगा। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर भाजपा राज्य की सत्ता में आती है, तो वह केरल में विकास सुनिश्चित करेगी, जैसा कि उसने गोवा और पूर्वोत्तर के सात राज्यों में से छह में किया है, जहां वह सत्ता में है और वहां ईसाई आबादी काफी अधिक है।

उन्होंने कहा कि केरल में अपार संभावनाएं हैं, फिर भी विकास की दौड़ में यह अन्य राज्यों से पीछे है। उन्होंने आरोप लगाया कि केरल के ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे की स्थिति खराब है, क्योंकि एलडीएफ और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने इस पर ध्यान नहीं दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र में राजग सरकार ने केरल के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी है, जबकि राज्य में अभी तक भाजपा की सरकार नहीं रही है।

उन्होंने कहा कि राजग सरकार ने केरल में विकास पर कांग्रेस के नेतृत्व वाली संप्रग सरकारों की तुलना में पांच गुना अधिक खर्च किया है। पीएम मोदी ने राज्य में वामपंथी सरकार पर शबरि रेल परियोजना में देरी करने का भी आरोप लगाया और दावा किया कि इससे तिरुवल्ला के लोगों को काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि जब केरल में भाजपा की ‘डबल इंजन’ वाली सरकार सत्ता में आएगी, तो सभी बाधाएं दूर हो जाएंगी और ”यह मोदी की गारंटी है।” प्रधानमंत्री ने कहा कि पूरे देश में, अगर किसी समूह को राजग की नीतियों से सबसे ज्यादा फायदा होता है, तो वे ”मेरी माताएं, बहनें, बेटियां और महिलाएं” हैं। मोदी ने केरल से रोजगार के लिए युवाओं के पलायन का भी जिक्र किया और कहा कि यह राज्य की सबसे बड़ी समस्या है।

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता केरल के विकास में दो सबसे बड़ी बाधाएं हैं और इनसे निपटने के लिए एलडीएफ को हराना जरूरी है। प्रधानमंत्री ने पश्चिम एशिया क्षेत्र में जारी संघर्ष का भी जिक्र किया और कांग्रेस नेताओं पर संकट के बीच ‘अविश्वास’ या भय पैदा करने वाले बयान देने का आरोप लगाया। पीएम मोदी ने कहा, ”कांग्रेस खाड़ी देशों को नाराज करने वाले बयान दे रही है, जाहिर तौर पर वह मुझ पर हमला करने और राजनीतिक लाभ पाने के लिए ऐसा कर रही है।”

उन्होंने कहा, ”चुनाव आते-जाते रहेंगे, लेकिन मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता खाड़ी देशों में रहने वाले केरल के मेरे भाइयों और बहनों की सुरक्षा है।” मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार खाड़ी देशों में रहने वाले भारतीयों को हर संभव सहायता प्रदान करने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है। एलडीएफ और यूडीएफ द्वारा एक-दूसरे पर भाजपा के साथ सौदेबाजी के आरोप लगाने के संदर्भ में, मोदी ने कहा कि दोनों मोर्चे एक-दूसरे पर भाजपा की ‘बी-टीम’ होने का आरोप लगा रहे हैं, क्योंकि वे जानते हैं कि केरल में भाजपा ‘ए-टीम’ है।

उन्होंने दावा किया कि एलडीएफ और यूडीएफ के बीच एक ”गुप्त साझेदारी” है, और वे एक ही सिक्के के दो पहलू हैं और इसीलिए वे भाजपा को निशाना बनाते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई डब्ल्यूडब्ल्यूएफ जैसी है। शबरिमला में सोने की चोरी के मुद्दे पर मोदी ने कहा कि एलडीएफ और यूडीएफ ने मिलकर मंदिर को बदनाम करने की साजिश रची और अब यह मंदिर उनकी लूट का निशाना बन गया है।

उन्होंने कहा कि केरल में राजग के सत्ता में आने के बाद, एलडीएफ और यूडीएफ को शबरिमला में किए गए उनके अपराधों के लिए दंडित किया जाएगा। पीएम मोदी ने एलडीएफ और यूडीएफ पर एफसीआरए, सीएए, कश्मीर फाइल्स फिल्म और केरल स्टोरी फिल्मों समेत अन्य मुद्दों को लेकर झूठ फैलाने का भी आरोप लगाया और कहा कि झूठ बोलना दोनों मोर्चों की आदत बन गई है। उन्होंने केरलवासियों को ईस्टर और विशु की शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button