
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रुद्रपुर में जिला प्रशासन की ओर से पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय एवं कौस्तुभ मिश्र सहित अन्य अधिकारियों ने जिला कार्यालय परिसर में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अधिकारियों ने सभी नागरिकों को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।
पौधारोपण और संरक्षण दोनों हैं जरूरी
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि पौधे मानव जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। वृक्ष न केवल शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और जल संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए, ताकि भविष्य की पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।

हरेला पर्व और वर्षाकाल में चलेगा व्यापक अभियान
जिलाधिकारी ने बताया कि आगामी हरेला पर्व और वर्षाकाल के दौरान जिले में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान संचालित किया जाएगा। यह अभियान ग्राम पंचायत, न्याय पंचायत, विकासखंड और जिला स्तर तक आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, जिससे पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।
प्लास्टिक प्रदूषण रोकने की दिलाई शपथ
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण तथा प्लास्टिक प्रदूषण समाप्त करने की शपथ भी दिलाई गई। जिलाधिकारी ने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है और इसके प्रभाव को कम करने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
कई विभागों के अधिकारी रहे उपस्थित
पौधारोपण कार्यक्रम में मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा, लघु सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता सुशील कुमार, पेयजल निगम के सुनील जोशी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी नफील जीमल, जिला पंचायत राज अधिकारी विद्या सिंह सोमनाल, जिला क्रीड़ा अधिकारी जानकी कार्की, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नंदनी तोमर, तहसीलदार दिनेश कुटोला सहित कलेक्ट्रेट के विभिन्न अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



