
देहरादून। पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (पिटकुल) को आयकर विभाग, उत्तराखंड की ओर से कॉरपोरेट श्रेणी में 5th Highest Taxpayer (Corporate) पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इसके साथ ही पिटकुल की 107वीं निदेशक मंडल बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के वार्षिक खातों को मंजूरी प्रदान की गई, जिसमें निगम ने 267 करोड़ रुपये का लाभ अर्जित किया है।
54 करोड़ रुपये का आयकर जमा कर हासिल की उपलब्धि
पिटकुल मुख्यालय विद्युत भवन में आयोजित कार्यक्रम में महाप्रबंधक (वित्त) मनोज कुमार ने बताया कि निगम ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 54 करोड़ रुपये का आयकर जमा किया। इसी उपलब्धि के आधार पर पिटकुल पहली बार कॉरपोरेट श्रेणी में उत्तराखंड का पांचवां सबसे बड़ा आयकरदाता बना है।
समयबद्ध परियोजनाओं से लगातार बढ़ रही निगम की उपलब्धियां
निदेशक मंडल की बैठक में प्रदेश के मुख्य सचिव एवं पिटकुल अध्यक्ष आनंद वर्द्धन ने प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी के नेतृत्व और निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पिटकुल समयबद्ध तरीके से परियोजनाओं को पूरा करते हुए लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।
एक वर्ष में लाभ दोगुने से अधिक बढ़ा
पिटकुल के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में निगम का लाभ 121 करोड़ रुपये था, जो वित्तीय वर्ष 2025-26 में बढ़कर 267 करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व, मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन, प्रमुख सचिव (ऊर्जा) आर. मीनाक्षी सुंदरम के मार्गदर्शन और पिटकुल के सभी कर्मचारियों के योगदान को दिया।
अगले वर्ष शीर्ष आयकरदाताओं में शामिल होने का लक्ष्य
प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने कर्मचारियों से ‘विकल्प रहित संकल्प’ के साथ कार्य करते हुए सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूरा करने का आह्वान किया। उन्होंने अगले वर्ष देश के प्रमुख आयकरदाताओं में प्रथम या द्वितीय स्थान प्राप्त करने का लक्ष्य भी रखा।
उन्होंने कर्मचारियों को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने और मानसून अवधि के दौरान बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश दिए।



