
हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बेरीपड़ाव स्थित सिद्ध पीठ अष्टादश भुजा माता महालक्ष्मी मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। दोनों नेताओं ने प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हुए मां के चरणों में शीश नवाया।
देवभूमि की सनातन संस्कृति और वीरों को नमन
पूजा-अर्चना के बाद मीडिया से बातचीत में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के कण-कण में देवताओं का वास है। अपनी समृद्ध विरासत, सनातन संस्कृति और अमर शहीदों के प्रति समर्पित यह पावन भूमि सदैव ऊर्जावान बनी रहेगी। उन्होंने वीरभूमि के त्याग और बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

‘आदि शक्ति माँ अवंतिका’ पुस्तक भेंट व अभिनंदन
कार्यक्रम के दौरान सांसद अजय भट्ट, मंदिर समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण खाती, लेखक रमाकांत पंत और मुख्य आचार्य पंडित चंद्रशेखर जोशी ने शीर्ष नेताओं को ‘आदि शक्ति माँ अवंतिका’ पुस्तक भेंट की। साथ ही, माता की पावन चुनरी और मंगल पट्टिका पहनाकर उनका अभिनंदन किया गया।
-
धार्मिक व ऐतिहासिक धरोहर: सांसद अजय भट्ट ने कहा कि यह ग्रंथ लेखक रमाकांत पंत के गहन शोध का परिणाम है, जो देवभूमि की आध्यात्मिक चेतना को जन-जन तक पहुंचाएगा।
-
दिव्य प्रकाश-स्तंभ: वरिष्ठ महामंडलेश्वर स्वामी सोमेश्वर यति महाराज ने आशीर्वचन देते हुए कहा कि यह पुस्तक सनातन धर्म और शक्ति उपासना के गूढ़ रहस्यों को उजागर करती है, जिससे युवा पीढ़ी में धर्म और संस्कृति के प्रति चेतना जागेगी।
मुख्यमंत्री ने जताया आभार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि माँ अवंतिका का आशीर्वाद अनादि काल से देवभूमि पर बरसता रहा है। उनकी पावन ऊर्जा ही प्रदेश को सुख, शांति और समृद्धि की ओर ले जाती है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पुस्तक समाज को अपनी आध्यात्मिक जड़ों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
प्रमुख जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अनिल बलूनी, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी सहित कई वरिष्ठ नेता व पदाधिकारी मौजूद रहे।



