उत्तराखंडराज्य

विकसित भारत 2047 के निर्माण में उच्च शिक्षा संस्थानों की भूमिका अहम: नितिन नबीन

देहरादून स्थित शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में शनिवार को आयोजित “विकसित भारत 2047 : ट्रांसफॉर्मेटिव रोल ऑफ हायर एजुकेशन” विषयक अकादमिक कॉन्क्लेव में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि विकसित भारत 2047 का लक्ष्य अब केवल सरकार की योजना नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का साझा संकल्प बन चुका है। उन्होंने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में उच्च शिक्षा संस्थानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और युवाओं की ऊर्जा, नवाचार तथा उद्यमशीलता इस लक्ष्य को प्राप्त करने की सबसे बड़ी शक्ति होगी।

ज्ञान और अध्यात्म का अद्भुत संगम है उत्तराखंड

कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए नितिन नबीन ने कहा कि वह ज्ञान और शिक्षा की ऐतिहासिक भूमि बिहार से आते हैं, जबकि उत्तराखंड ज्ञान और अध्यात्म के अनूठे संगम के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास, सुशासन और जनहित से जुड़े अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है।

आत्मनिर्भर भारत की दिशा में तेजी से बढ़ रहा देश

उन्होंने कहा कि एक समय भारत को विश्व में “सोने की चिड़िया” के रूप में जाना जाता था, लेकिन लंबे समय तक देश ने गरीबी और पिछड़ेपन जैसी चुनौतियों का सामना किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू किए गए “मेक इन इंडिया” और “वोकल फॉर लोकल” जैसे अभियानों ने देश को आत्मनिर्भरता की दिशा में नई गति प्रदान की है।

नितिन नबीन ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान भारतीय वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं ने अपनी क्षमता का परिचय देते हुए देश की वैज्ञानिक और तकनीकी ताकत को वैश्विक मंच पर स्थापित किया।

तकनीकी क्रांति में भारत निभा रहा अग्रणी भूमिका

उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और आधुनिक तकनीकों के दौर में भारत केवल मानव संसाधन उपलब्ध कराने वाला देश नहीं रह गया है, बल्कि वैश्विक विनिर्माण केंद्र के रूप में भी तेजी से उभर रहा है। सेमीकंडक्टर उद्योग की स्थापना देश की तकनीकी आत्मनिर्भरता को नई मजबूती प्रदान कर रही है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में स्टार्टअप और यूनिकॉर्न संस्कृति का तेजी से विस्तार हुआ है, जिससे युवा भारत को नई पहचान मिली है। युवाओं को नवाचार के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में भी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।

महिला सशक्तिकरण और उत्तराखंड की विकास योजनाओं की सराहना

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने महिला सशक्तिकरण के लिए केंद्र सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की सराहना करते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को नेतृत्व और निर्णय प्रक्रिया में अधिक अवसर प्रदान करेगा।

उन्होंने उत्तराखंड सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं जैसे होमस्टे नीति, ऑल वेदर रोड परियोजना, समान नागरिक संहिता (UCC) और हरिद्वार कॉरिडोर जैसी पहलों को भी राज्य के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

विकसित भारत का सपना हर भारतीय का सपना: मुख्यमंत्री धामी

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले कुछ वर्षों में अभूतपूर्व प्रगति की है। विकसित भारत 2047 का लक्ष्य अब देश के प्रत्येक नागरिक का सपना बन गया है।

उन्होंने कहा कि “रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म” की नीति ने भारत की वैश्विक पहचान और प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। इस लक्ष्य को हासिल करने में शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं और प्रबुद्ध वर्ग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी।

नई शिक्षा नीति से शिक्षा व्यवस्था को मिली नई दिशा

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं रह सकती। कौशल विकास, अनुसंधान, नवाचार, बहुविषयक शिक्षा और इन्क्यूबेशन सेंटरों को बढ़ावा देना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति (NEP) भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा और आधुनिक वैश्विक आवश्यकताओं के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य कर रही है, जो विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार कर रही है।

नवाचार और अनुसंधान को बताया विकसित भारत की आधारशिला

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि विकसित भारत का अर्थ केवल आर्थिक प्रगति नहीं, बल्कि गरीबी मुक्त समाज, उत्कृष्ट आधारभूत ढांचा, विश्वस्तरीय शिक्षा और नवाचार में वैश्विक नेतृत्व स्थापित करना है।

उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार उच्च शिक्षा को रोजगार, कौशल विकास और उद्यमिता से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

कॉन्क्लेव में वक्ताओं राजीव आहूजा, त्रिप्ता ठाकुर और श्री प्रकाश सिंह ने नवाचार, अनुसंधान, तकनीक आधारित शिक्षा और कौशल विकास को विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की मजबूत नींव बताया।

शिक्षाविदों और जनप्रतिनिधियों की रही सहभागिता

इस अवसर पर शिवालिक समूह के चेयरमैन सुनील कुमार, वाइस चेयरमैन अजय कुमार, विधायक सहदेव सिंह पुंडीर, मुन्ना सिंह चौहान, सविता कपूर, डॉ. दुर्गेश पंत, प्रो. सुरेखा डंगवाल सहित अनेक शिक्षाविद, जनप्रतिनिधि, छात्र और बुद्धिजीवी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button