उत्तराखंडराज्य

सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति श्री यू.सी. ध्यानी की अध्यक्षता में जांच आयोग द्वारा जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई, जनसंवाद आयोजित हुआ

रूद्रपुर। माननीय न्यायमूर्ति (से.नि.) श्री यू.सी. ध्यानी की अध्यक्षता में गठित एकल सदस्यीय जांच आयोग द्वारा आज शनिवार को एपीजे जिला सभागार में लोक सुनवाई एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।

आयोग के अध्यक्ष श्री ध्यानी ने कहा कि स्नातक स्तरीय परीक्षा पटवारी,लेखपाल व अन्य पद परीक्षा जांच कार्य पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्यों पर आधारित होगी। उन्होंने बताया कि आयोग विभिन्न जनपदों का भ्रमण कर अभ्यर्थियों, जनता की समस्याओं और सुझावों को सुन रहा है ताकि अंतिम रिपोर्ट निष्पक्ष एवं संतुलित रूप से तैयार की जा सके।

जनसुनवाई के दौरान प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं, नागरिकों, परीक्षा से जुड़े कोचिंग सेंटर प्रबंधकों ने आयोग के समक्ष अपने विचार तथा सुझाव रखे। उपस्थित छात्र-छात्राओं ने मांग की कि परीक्षाओं की जांच पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ की जाए तथा इस संबंध में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने परीक्षा दुबारा कराने के साथ ही यह भी सुझाव दिया कि भविष्य में होने वाली परीक्षाएं कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और निष्पक्षता व पारदर्शिता से कराई जाएं।

आयोग के सचिव विक्रम सिंह राणा ने बताया कि जनसुनवाई में प्राप्त साक्ष्यों,शिकायतों और सुझावों का संज्ञान लेकर विस्तृत रिपोर्ट शासन को प्रेषित की जाएगी।

इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया,अपर जिलाधिकारी कौस्तूभ मिश्रा ,उप जिलाधिकारी गौरव पांडे, जिला शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा, छात्र छात्रा, कोचिंग सेंटर के प्रतिनिधि आदि उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button