उत्तराखंडराज्य

प्रधानमंत्री मोदी की ईंधन बचत मुहिम से प्रेरित भाजपा कार्यकर्ता की अनोखी पहल, जे.पी. नड्डा ने की सराहना

देहरादून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत की अपील को अपने जीवन में अपनाने वाले भाजपा कार्यकर्ता नवीन ठाकुर की अनूठी पहल की केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा ने सराहना की। नवीन अब तक चार हजार किलोमीटर से अधिक साइकिल चलाकर ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश लोगों तक पहुंचा चुके हैं।

जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर साइकिल से पहुंचे नवीन ठाकुर

शनिवार को केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा के जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने के दौरान नवीन ठाकुर भी साइकिल से वहां पहुंचे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान भी मौजूद रहे। नड्डा ने नवीन ठाकुर से मुलाकात कर उनके प्रयासों की सराहना की और उन्हें शुभकामनाएं दीं।

साइकिल अपनाने से होगा ईंधन बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण

केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने कहा कि साइकिल केवल ईंधन बचाने का साधन नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण, बेहतर स्वास्थ्य और यातायात का दबाव कम करने का प्रभावी माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि यदि लोग छोटी दूरी की यात्राओं के लिए साइकिल का अधिक उपयोग करें तो इससे पेट्रोल-डीजल की खपत कम होगी, प्रदूषण घटेगा और स्वस्थ जीवनशैली को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊर्जा संरक्षण और राष्ट्रहित के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का एक प्रेरणादायक उदाहरण है।

प्रधानमंत्री की अपील से मिली प्रेरणा

नवीन ठाकुर ने बताया कि 10 मई 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ईंधन की बचत करने और ऊर्जा संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग करने की अपील की थी। इसी संदेश से प्रेरित होकर उन्होंने स्थानीय यात्राओं के लिए साइकिल को अपना नियमित परिवहन साधन बना लिया।

उन्होंने कहा कि भारत की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं और आयातित ईंधन पर निर्भरता को देखते हुए प्रत्येक नागरिक का ईंधन बचाने में योगदान देना जरूरी है।

रोजाना 70 से 80 किलोमीटर साइकिल चलाकर निभा रहे संगठनात्मक जिम्मेदारी

नवीन ठाकुर ने बताया कि वह सहसपुर, विकासनगर, डाकपत्थर और देहरादून स्थित भाजपा कार्यालय सहित आसपास के सभी कार्यों के लिए साइकिल का ही उपयोग करते हैं। उनके घर से भाजपा प्रदेश कार्यालय की दूरी लगभग 37 किलोमीटर है और वह प्रतिदिन 70 से 80 किलोमीटर तक साइकिल चलाकर विभिन्न संगठनात्मक गतिविधियों में भाग लेते हैं।

उन्होंने बताया कि उत्तरकाशी, पुरोला, टिहरी, कोटद्वार और चंपावत जैसे दूरस्थ क्षेत्रों की यात्रा के लिए वह दोपहिया वाहन का उपयोग करते हैं, ताकि चारपहिया वाहनों का उपयोग कम हो और ईंधन की बचत सुनिश्चित की जा सके।

युवाओं के लिए बन रही है प्रेरणा

नवीन ठाकुर की इस पहल का सकारात्मक प्रभाव समाज में भी दिखाई देने लगा है। उनकी प्रेरणा से कई युवाओं ने भी दैनिक कार्यों के लिए साइकिल का उपयोग शुरू किया है। इससे न केवल ईंधन संरक्षण का संदेश फैल रहा है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति भी लोगों में जागरूकता बढ़ रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button