
देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में केदारनाथ पुनर्निर्माण एवं पुनर्विकास कार्यों तथा बद्रीनाथ मास्टर प्लान की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
केदारनाथ में छह नए ब्लॉकों का निर्माण जल्द होगा शुरू
बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने केदारनाथ पुनर्निर्माण परियोजना की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि धाम में प्रस्तावित छह नए ब्लॉकों के निर्माण कार्य में शीघ्र शुरुआत की जाए तथा सभी परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो।
यात्रा क्षेत्र के लिए बनेगी एकीकृत कूड़ा प्रबंधन योजना
मुख्य सचिव ने जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग को केदारनाथ यात्रा मार्ग और धाम क्षेत्र के लिए व्यापक एवं एकीकृत ठोस अपशिष्ट (कूड़ा) प्रबंधन योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान स्वच्छता बनाए रखने और कचरे के प्रभावी निस्तारण के लिए सरकार आवश्यक वित्तीय, तकनीकी और अन्य सभी प्रकार का सहयोग उपलब्ध कराएगी।
बद्रीनाथ मास्टर प्लान के कार्यों में भी लाई जाएगी तेजी
बैठक में बद्रीनाथ मास्टर प्लान के फेज-1 और फेज-2 के तहत चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गति लाने के साथ-साथ परियोजनाओं से जुड़े कंटेंट और आर्टवर्क का कार्य भी समानांतर रूप से शुरू करने के निर्देश दिए।
संचालन और रखरखाव की पहले से बनेगी स्पष्ट व्यवस्था
मुख्य सचिव ने संबंधित जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में विकसित की जा रही सभी परिसंपत्तियों एवं सुविधाओं के संचालन और रखरखाव (ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस) के लिए पहले से स्पष्ट कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि इससे परियोजनाओं के हस्तांतरण के बाद रखरखाव की जिम्मेदारियों के निर्धारण में किसी प्रकार की समस्या नहीं आएगी।
अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में सचिव धीराज गर्ब्याल, अपर सचिव विनीत कुमार तथा संबंधित जनपदों के जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



