
रामनगर निवासी कैप्टन अजय पंत, जो वर्तमान में यूनाइटेड किंगडम की विनचेस्टर जेल में न्यायिक हिरासत में हैं, को भारतीय उच्चायोग, लंदन की ओर से लगातार कांसुलर सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इस संबंध में सांसद अजय भट्ट को भेजे गए आधिकारिक पत्र में उच्चायोग ने जानकारी दी है कि कैप्टन पंत से नियमित संपर्क स्थापित किया गया है और उन्होंने अपनी स्वास्थ्य स्थिति सामान्य बताई है।
पत्नी की अपील के बाद सांसद अजय भट्ट ने उठाया मामला
गौरतलब है कि हाल ही में कैप्टन अजय पंत की पत्नी ने सांसद अजय भट्ट से मुलाकात कर अपने पति की सहायता के लिए हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया था। इसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय उच्चायोग ने आवश्यक कार्रवाई तेज कर दी और संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय बढ़ाया।
परिवार, नियोक्ता और कानूनी प्रतिनिधियों के साथ बना हुआ है समन्वय
भारतीय उच्चायोग ने स्पष्ट किया है कि वह कैप्टन पंत की पत्नी, उनके नियोक्ता, कानूनी प्रतिनिधियों तथा ब्रिटिश प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है। साथ ही ब्रिटेन के विदेश मंत्रालय से कैप्टन पंत के अधिकारों की सुरक्षा और उन्हें आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया गया है।
16 जुलाई को होगी अगली अदालत में सुनवाई
मामले की अगली सुनवाई 16 जुलाई 2026 को निर्धारित की गई है। भारतीय उच्चायोग ने भरोसा दिलाया है कि न्यायिक प्रक्रिया के दौरान कैप्टन अजय पंत और उनके परिवार को हरसंभव कांसुलर सहायता और आवश्यक सहयोग लगातार उपलब्ध कराया जाता रहेगा।
उच्चायोग ने सहायता जारी रखने का दिया भरोसा
भारतीय उच्चायोग का कहना है कि वह पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर हर स्तर पर आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी। उच्चायोग ने यह भी आश्वस्त किया है कि कैप्टन पंत के हितों की रक्षा के लिए संबंधित ब्रिटिश अधिकारियों के साथ समन्वय भविष्य में भी जारी रहेगा।



