
रुद्रपुर। प्रदेश में अवैध शराब और मादक पदार्थों के निर्माण, भंडारण तथा तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग द्वारा विशेष सघन प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत आबकारी आयुक्त के निर्देशों के अनुपालन में अपराध निरोध क्षेत्र-4 बाजपुर के अंतर्गत महेशपुरा चेक पोस्ट पर व्यापक स्तर पर रोड चेकिंग अभियान संचालित किया गया।
संदिग्ध वाहनों और गतिविधियों पर रखी गई कड़ी नजर
अभियान के दौरान चेक पोस्ट से गुजरने वाले वाहनों की गहन जांच की गई। टीम ने संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखते हुए अवैध मादक पदार्थों और शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए सघन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
आबकारी विभाग की टीम रही मौजूद
रोड चेकिंग अभियान का नेतृत्व आबकारी निरीक्षक महेंद्र सिंह बिष्ट ने किया। उनके साथ प्रधान आबकारी सिपाही पवन कुमार कम्बोज, आबकारी सिपाही वंदना घिल्डियाल, अर्चना यादव और रेनुका बोरा सहित विभागीय टीम के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि जनहित और कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी ऐसे विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार चलाए जाएंगे।



