
रुद्रपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव ममता पंत ने बताया कि उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देश तथा जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में 2 अगस्त (रविवार) को पंतनगर विश्वविद्यालय स्थित गांधी भवन में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में उत्तराखंड उच्च न्यायालय के माननीय मुख्य न्यायमूर्ति एवं उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यपालक अध्यक्ष की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। शिविर का आयोजन सुबह 9:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक किया जाएगा।
सरकारी योजनाओं का मिलेगा लाभ, मौके पर होगा पंजीकरण
ममता पंत ने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की निःशुल्क जानकारी, प्रचार सामग्री एवं आवेदन पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे। पात्र लाभार्थियों का मौके पर पंजीकरण कर उन्हें विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग (बौना) पेंशन, आधार कार्ड सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके अलावा परिवार रजिस्टर की नकल सहित अन्य आवश्यक सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
श्रमिकों और आमजन को मिलेंगी विशेष सुविधाएं
श्रम विभाग की ओर से असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों एवं मजदूरों का पंजीकरण किया जाएगा तथा उन्हें निःशुल्क सामग्री भी वितरित की जाएगी। वहीं समाज कल्याण विभाग द्वारा विभिन्न केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाया जाएगा।
स्वास्थ्य जांच और दिव्यांग प्रमाण पत्र की सुविधा
शिविर में स्वास्थ्य विभाग एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी के सहयोग से निःशुल्क ओपीडी का संचालन किया जाएगा। आम नागरिकों को स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक परामर्श और निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम पात्र व्यक्तियों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी जारी करेगी।
निःशुल्क कानूनी सहायता और ऑनलाइन पोर्टल की जानकारी
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से लगाए जाने वाले स्टॉल पर विभिन्न कानूनों, स्थायी लोक अदालत की भूमिका एवं लाभ, निःशुल्क कानूनी सहायता तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) और उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के ऑनलाइन विधिक सहायता पोर्टल की जानकारी भी आमजन को दी जाएगी।
विभागों को आवश्यक उपकरण साथ लाने के निर्देश
ममता पंत ने सभी संबंधित विभागों से अपील की है कि वे शिविर में कंप्यूटर, प्रिंटर और अन्य आवश्यक उपकरण साथ लेकर पहुंचें, ताकि शिविर में आने वाले पात्र लोगों की समस्याओं का मौके पर ही त्वरित समाधान किया जा सके।



