
सितारगंज। गन्नाधिकारी कार्यालय में गन्ना सुरक्षा को लेकर आयोजित बैठक में शक्तिफार्म, तिलियापुर, बसगर, दौंदा समेत कई क्षेत्रों के गन्ना किसानों ने चीनी मिल सितारगंज के खिलाफ जमकर विरोध जताया। किसानों का आरोप था कि चीनी मिल में गन्ना घटतौली की जा रही है, किसानों के साथ दुर्व्यवहार हो रहा है, यूपी से टोकन पर गन्ना खरीदा जा रहा है और गन्ना माफिया को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बिना वास्तविक आवश्यकता के चीनी मिल की क्षमता बढ़ाने के नाम पर करोड़ों की सब्सिडी का खेल चल रहा है। किसानों ने विशेष रूप से मांग की कि शक्तिफार्म क्षेत्र के गन्ना किसानों का गन्ना पूर्व की भांति किच्छा चीनी मिल को दिया जाए। बैठक में सहायक गन्ना आयुक्त शैलेन्द्र सिंह द्वारा गन्ना किसानों की समस्याओं को गम्भीरता से सुना गया। बैठक में भारतीय किसान संघ के नेता अनिरुद्ध राय, मानवेंद्र सिंह, नेबुलाल, शिवशंकर यादव, राजेश यादव, सुनील मल्ल और स. मंगल सिंह आदि मौजूद थे।



