उत्तराखंडराज्य

SIR के तहत नोटिस पाने वाले मतदाताओं के दावों-आपत्तियों की सुनवाई जारी

किच्छा/रुद्रपुर। उप जिलाधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी किच्छा गौरव पांडेय ने बताया कि SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) के तहत लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी और नो मैपिंग के मामलों में जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, उनके दावों और आपत्तियों की सुनवाई प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि निर्वाचक नामावलियों को अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए यह एक सतत प्रक्रिया है।

13 अगस्त तक प्राप्त दावों-आपत्तियों पर भी कार्रवाई जारी

एसडीएम ने बताया कि 13 अगस्त तक प्राप्त दावों और आपत्तियों के संबंध में भारत निर्वाचन आयोग से प्राप्त निर्देशों के अनुसार नोटिस जारी करने की कार्रवाई भी चल रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया को लेकर किसी भी मतदाता को घबराने या पैनिक होने की आवश्यकता नहीं है।

उन्होंने कहा कि प्राप्त सभी दावों और आपत्तियों की सुनवाई निर्वाचन आयोग द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्धारित समय सीमा में की जाएगी।

सभी पक्षों को सुनने के बाद होगा फैसला

गौरव पांडेय ने कहा कि दावों और आपत्तियों का समयबद्ध निस्तारण किया जाएगा। सुनवाई के दौरान सभी संबंधित पक्षों को अपनी बात रखने का अवसर दिया जाएगा। इसके साथ ही प्रस्तुत किए गए सभी साक्ष्यों का विधिवत परीक्षण करने के बाद ही नियमानुसार और युक्तियुक्त निर्णय लिया जाएगा।

निर्धारित तिथि तक प्रस्तुत करें जरूरी दस्तावेज

एसडीएम ने बताया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से यह प्रक्रिया संचालित की जा रही है। जिन मतदाताओं को नोटिस प्राप्त हुए हैं, वे निर्धारित तिथि तक संबंधित सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर अपने साक्ष्य और आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत कर सकते हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार विचार नहीं किया जाएगा।

प्रशासन ने मतदाताओं से की अपील

प्रशासन ने सभी संबंधित मतदाताओं से अपील की है कि वे नोटिस में दी गई तिथि से पहले संबंधित अधिकारी के समक्ष अपने आवश्यक अभिलेख और साक्ष्य प्रस्तुत करें, ताकि निर्धारित प्रक्रिया के तहत उनकी सुनवाई समय पर पूरी की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button