
देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों और राज्य के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए कुल 105 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस निर्णय से सड़क निर्माण, मंदिरों के सौंदर्यीकरण, शहरी विकास, न्यायिक भवन निर्माण और सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार को गति मिलने की उम्मीद है।
धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण को मिली मंजूरी
राज्य के प्रमुख धार्मिक स्थलों के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है। अल्मोड़ा जनपद की नगर पंचायत भिकियासैंण स्थित हरूहीत मंदिर कढ़ोली के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार के लिए 93.36 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं, जिसमें से 56 लाख रुपये की पहली किश्त जारी होगी। इसी तरह पौड़ी गढ़वाल के द्वारीखाल विकासखंड स्थित देवीखाल में माँ बाल कुँवारी माता मंदिर के सौंदर्यीकरण हेतु 72.67 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें 43.60 लाख रुपये की पहली किश्त जारी की जाएगी।
न्यायिक और सामाजिक सुविधाओं का विस्तार
श्रम न्यायालयों में ट्रांसजेंडर, दिव्यांगजन और महिलाओं के लिए पृथक शौचालय तथा अतिरिक्त कक्ष निर्माण हेतु देहरादून, काशीपुर और हरिद्वार के लिए कुल 1.41 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा रानीखेत विधानसभा क्षेत्र के लिए पर्यटन विभाग के अंतर्गत 1.50 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिससे क्षेत्रीय पर्यटन विकास को बढ़ावा मिलेगा।
शहरी विकास और बुनियादी ढांचे को बढ़ावा
शहरी विकास के तहत कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। कोटद्वार नगर निगम में एलईडी स्ट्रीट लाइट स्थापना के लिए 4.96 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं रामनगर स्थित दीवानी न्यायालय में न्यायिक कर्मचारियों के लिए टाइप-3 आवासीय भवन निर्माण हेतु 18.59 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों के तहत मायापुर में फायर स्टेशन के लिए 50 बिस्तरों वाले बैरक निर्माण हेतु भारत सरकार द्वारा स्वीकृत 4.17 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को भी अनुमोदन प्रदान किया गया है।
शहरी निकायों में कचरा प्रबंधन और स्वच्छता पर जोर
शहरी विकास विभाग के तहत पशु शवदाह गृह निर्माण, लीगेसी वेस्ट निस्तारण तथा कूड़ा वाहनों और उपकरणों की खरीद के लिए विभिन्न निकायों—हल्द्वानी-काठगोदाम, रुद्रपुर, हरिद्वार, रुड़की, शिवालिक नगर, चम्बा, कर्णप्रयाग, बागेश्वर, सुल्तानपुर-आदमपुर, द्वाराहाट, नैनीताल, पुरोला, महुआखेड़ागंज, गूलरभोज और बनबसा—के लिए कुल 48.58 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
सड़क निर्माण और यातायात सुधार परियोजनाएं
सड़क संपर्क और यातायात सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं को भी मंजूरी मिली है। रायपुर विधानसभा क्षेत्र में आपदा से क्षतिग्रस्त मार्गों के पुनर्निर्माण के लिए 7.76 करोड़ रुपये, रुद्रपुर शहर में गाबा चौक से डीडी चौक तक सड़क चौड़ीकरण के लिए 13.73 करोड़ रुपये और रुद्रप्रयाग के जखोली विकासखंड में छेनागाड़-बक्सीर मोटर मार्ग के डामरीकरण हेतु 4.02 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा लालकुआं में विजयपुर-पहाड़पानी पैदल मार्ग सुधार के लिए 3.87 करोड़ रुपये, चम्पावत में मौनपोखरी से हरेश्वर मंदिर तक सड़क सुधार के लिए 9.87 करोड़ रुपये और रामनगर में हनुमानधाम मंदिर मोटर मार्ग के सुदृढ़ीकरण हेतु 4.06 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
विकास कार्यों से राज्य को मिलेगा नया आयाम
मुख्यमंत्री की इन स्वीकृतियों से राज्य में धार्मिक पर्यटन, शहरी विकास, सड़क संपर्क, न्यायिक सुविधाओं और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। साथ ही कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों को भी तेज गति से आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी, जिससे राज्य के समग्र विकास को नया आयाम मिलने की उम्मीद है।



